ब्रेकिंग न्यूज

पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार


सुल्तानपुर जिले की बल्दीराय थाना पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय में भर्ती कराया गया है।अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शनिवार रात थाना बल्दीराय पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बदमाश अवैध असलहे के साथ पारा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।घेराबंदी के दौरान आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श सिंह पुत्र दशरथ सिंह उर्फ प्रदीप सिंह निवासी ग्राम डोभियारा, थाना हलियापुर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। वह थाना हलियापुर से वांछित चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर 2025 को अयोध्या जनपद की पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने उसके गांव पहुंची थी। आरोप है कि उस दौरान आदर्श सिंह ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया था और उनके सरकारी असलहे व मोबाइल फोन छीन लिए थे। इस मामले में थाना हलियापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।मुठभेड़ में घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी बल्दीराय भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं