अपहरण किशोरी को पुलिस ने ढाई घंटे में किया बरामद
सुल्तानपुर जिले में पुलिस की तत्परता से एक नाबालिग बालिका को अपहरण के महज़ ढाई घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुड़वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को शाम करीब 7:00 बजे PRV 6084 के माध्यम से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम गहरी रवानिया पश्चिम से एक 15 वर्षीय बालिका का अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कुड़वार अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल खोजबीन शुरू की।पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के माध्यम से संदिग्ध की लोकेशन ट्रैक की। लगातार सघन तलाशी अभियान चलाते हुए पुलिस ने घटना के महज़ 2.5 घंटे के भीतर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।बरामदगी के बाद बालिका को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और सतर्कता की सराहना की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं