ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में वन विभाग में 708 पदों पर भर्ती: 30 जून से आवेदन


लखनऊ प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। वन विभाग में वन रक्षक और वन्यजीव रक्षक के कुल 708 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने इस भर्ती का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जून से शुरू होकर 20 जुलाई तक चलेगी। अभ्यर्थी 27 जुलाई तक आवेदन शुल्क का समायोजन और आवेदन पत्र में संशोधन कर सकेंगे।इस भर्ती में वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 में भाग लिया है। PET के आधार पर ही उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। अभ्यर्थी अपने PET रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए 25 रुपये निर्धारित किया गया है। हालांकि, मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों से अलग से शुल्क लिया जाएगा।आयोग के सचिव ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन पूरा करने के बाद उसका प्रिंटआउट अवश्य सुरक्षित रखें, क्योंकि भविष्य में इसे आयोग में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। साथ ही, आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं, जिनके अनुसार केवल पिता पक्ष से जारी जाति प्रमाण पत्र ही मान्य होगा।

योग्यता और आयु सीमा

भर्ती के लिए अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आयु सीमा 1 जुलाई के अनुसार न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है।

शारीरिक मानक और दक्षता परीक्षा

अभ्यर्थियों को शारीरिक मानकों के साथ-साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) भी पास करनी होगी।पुरुष अभ्यर्थियों को 10 किलोग्राम भार के साथ 4 घंटे में 25 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।महिला अभ्यर्थियों को 4 घंटे में 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।

लिखित परीक्षा का प्रारूप

लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी और इसमें नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। विस्तृत पाठ्यक्रम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं