ब्रेकिंग न्यूज

UP बोर्ड ने शुरू की मार्कशीट व प्रमाणपत्र में त्रुटि सुधार प्रक्रिया


लखनऊ उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने कक्षा 10 और 12 के परिणाम 23 अप्रैल को रिकॉर्ड समय में घोषित करने के बाद अब विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अंकपत्र (मार्कशीट) और प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) में त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तीन दिन के अवकाश के बाद बोर्ड प्रशासन फिर सक्रिय हो गया है और यह सुनिश्चित करने में जुट गया है कि सभी छात्रों को त्रुटिरहित दस्तावेज प्राप्त हों।बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि परीक्षा से पहले ही विद्यार्थियों को अपने विवरण में सुधार के पर्याप्त अवसर दिए गए थे। इसके बावजूद यदि परिणाम घोषित होने के बाद भी किसी छात्र के नाम, माता-पिता के नाम, फोटो या जन्मतिथि आदि में कोई गलती रह गई है, तो वे अब इसे ठीक करा सकते हैं।इसके लिए विद्यार्थी 27 अप्रैल से लेकर 6 मई शाम 6 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर छात्र संशोधन के लिए निर्धारित प्रारूप डाउनलोड कर सकते हैं।प्रक्रिया के अनुसार, छात्र को फॉर्म में आवश्यक संशोधन स्पष्ट रूप से भरकर स्वयं सत्यापित करना होगा। इसके बाद उसे अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) से अनुमोदन प्राप्त करना होगा। सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ यह फॉर्म विद्यालय द्वारा पुनः बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।बोर्ड सचिव ने सख्त निर्देश दिए हैं कि यदि किसी विद्यालय ने निर्धारित समय सीमा के भीतर संशोधन के लिए आवेदन नहीं किया और बाद में प्रमाणपत्र जारी होने के बाद सुधार की मांग की, तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।यूपी बोर्ड का उद्देश्य है कि हर छात्र को सही और त्रुटिरहित अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र उपलब्ध हो, जिससे भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

कोई टिप्पणी नहीं