ब्रेकिंग न्यूज

UP अप्रैल में ही जून जैसी तपिश, 28 अप्रैल से बूंदाबांदी के आसार


लखनऊ यूपी में अप्रैल के आखिरी सप्ताह में ही भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में जून जैसी तपिश महसूस की जा रही है। पूरब से लेकर पश्चिम तक गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है और तेज धूप लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर रही है।रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान बांदा में 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो लगातार दूसरे दिन सबसे ज्यादा रहा। इसके अलावा प्रयागराज में 45.7 डिग्री, अमेठी में 44.7 डिग्री और हमीरपुर में 44.2 डिग्री सुल्तानपुर 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इन जिलों में लू के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।हालांकि रविवार शाम ललितपुर में हुई हल्की बूंदाबांदी से थोड़ी राहत की उम्मीद जगी है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार देर रात या मंगलवार से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के करीब 40 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित कई जिले शामिल हैं।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के मुताबिक, 27 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 28 अप्रैल से पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में दिखेगा। इसके बाद धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में बादलों की सक्रियता बढ़ेगी और 28 से 30 अप्रैल के बीच हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।इस बदलाव से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लू की स्थिति से तत्काल राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, हवा में नमी बढ़ने के कारण उमस बनी रह सकती है, जिससे लोगों को पूरी तरह राहत नहीं मिलेगी।कुल मिलाकर, अप्रैल के बचे हुए दिनों में भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने के संकेत हैं, लेकिन उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं