ब्रेकिंग न्यूज

पंचायत चुनाव पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बड़ा बयान, हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार ही होगी कार्रवाई


सुल्तानपुर यूपी के पंचायती राज मंत्री और सुल्तानपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। सोमवार को जिले में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के अनुसार ही कराए जाएंगे। मंत्री राजभर ने कहा कि यदि समय पर चुनाव नहीं हो पाते हैं, तो कोर्ट के निर्देशों के अनुसार या तो प्रशासक नियुक्त किए जाएंगे या फिर पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार पूरी तरह न्यायालय के आदेशों का पालन करेगी।यह बयान उन्होंने उस समय दिया जब वह जिला पंचायत सभागार में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित नारी शक्ति वंदन बिल के समर्थन में रैली में भी भाग लेने का कार्यक्रम तय किया।

नारी शक्ति वंदन बिल पर विपक्ष पर निशाना

राजभर ने नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना परिसीमन के जरिए महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की थी, लेकिन विपक्ष ने इसमें बाधा डाली।उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों की मंशा महिलाओं को उनका अधिकार देने की नहीं है। राजभर के अनुसार, जब देश की आबादी 68 करोड़ थी, तब लोकसभा में 545 सीटें तय की गई थीं, लेकिन 2011 की जनगणना के आधार पर यह संख्या बढ़कर 815 होनी चाहिए थी। उनका कहना है कि विपक्ष के सहयोग न करने के कारण यह बिल लोकसभा में पारित नहीं हो सका।

कांग्रेस पर 30 साल तक बिल लटकाने का आरोप

राजभर ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने करीब 30 वर्षों तक इस बिल को लंबित रखा। अब जब केंद्र सरकार इस दिशा में कदम उठा रही है, तो विपक्ष इसका विरोध कर रहा है।उन्होंने कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिले और न ही वह इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देना चाहता है, इसी वजह से इस बिल का विरोध किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं