सीएम योगी बोले- लगातार 24 घंटे होगी चर्चा
लखनऊ यूपी विधानसभा के मानसून सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह सत्र स्वतंत्रता के अमृत काल के तीसरे वर्ष में होने जा रहा है। यह राज्य के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इस बार का मानसून सत्र विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इसमें सरकार अगले 25 वर्षों की कार्ययोजना को सदन के पटल पर रखेगी। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार 'विकसित यूपी' का विजन लेकर आगे बढ़ रही है। इस विजन को नीति आयोग और विशेषज्ञों के सहयोग से तैयार किया गया है। इसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। 13 और 14 अगस्त को लगातार 24 घंटे इस विजन पर सदन में चर्चा होगी। यह चर्चा न केवल विधानसभा और विधान परिषद में होगी। बल्कि आम जनता की राय भी इसमें शामिल की जाएगी। 2047 तक जब भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा।तब उत्तर प्रदेश भी 'विकसित उत्तर प्रदेश' के रूप में तैयार होगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी विधानमंडल देश का सबसे बड़ा विधानमंडल है। यहां होने वाली चर्चाएं देशभर के लिए नजीर बनती हैं। पिछले साढ़े आठ वर्ष में यूपी विधानमंडल ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा की है। इस बार भी 25 करोड़ की आबादी की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम महत्वपूर्ण एजेंडे के साथ सत्र में उपस्थित हुए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं