जिलाध्यक्षों की लिस्ट पर सुगबुगाहट के बीच जेपी नड्डा और CM योगी की मुलाकात आज संभव
भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों की सूची पर सुगबुगाहट के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार 8 मार्च को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचने वाले हैं। वह यहां BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात कर सकते हैं। यह बैठक ऐसे वक्त में होगी जब BJP की उत्तर प्रदेश इकाई में नेता और कार्यकर्ता बेसब्री से जिलाध्यक्षों की सूची का इंतजार कर रहे हैं।इसके अलावा सभी की निगाह उत्तर प्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष पर भी है।बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फिलहाल गौतमबुद्ध नगर में हैं। वह शाम को करीब 4 बजे दिल्ली रवाना होंगे। जानकारी के अनुसार गौतमबुद्ध नगर से मुख्यमंत्री योगी दिल्ली स्थित यूपी भवन आएंगे जहां से वह जेपी नड्डा से मिलने के लिए जाएंगे।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में BJP को 98 जिलाध्यक्षों की घोषणा करनी है। इसके लिए बीते दिनों BJP नेता विनोद तावड़े ने उत्तर प्रदेश का दौरा किया था। जानकारी के अनुसार जिलाध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद ही उत्तर प्रदेश की BJP इकाई के अध्यक्ष की भी घोषणा होगी।इसके लिए BJP अध्यक्ष चुनाव के प्रभारी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे।जिलाध्यक्षों की बात करें तो अधिकतर जिलों में बात फाइनल हो गई है। जानकारी के अनुसार विनोद तावड़े ने आम सहमति बनाकर एक लिस्ट तैयार कर ली है।उस पर हाईकमान से हरी झंडी मिलते ही जारी कर दिया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं