ब्रेकिंग न्यूज

दूल्हे ने नहीं पहनाई वरमाला, दूल्हे को पेड़ से बांधा


प्रतापगढ़ में लड़की वालों ने बारात लेकर पहुंचे दूल्हे को पेड़ से बांध दिया। कई बारातियों को भी बंधक बना लिया। दरअसल दूल्हा चाहता था कि दुल्हन चश्मा लगाकर फोटो खिंचवाए लेकिन दुल्हन ने मना कर दिया था।इसके बाद दोनों के बीच तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। फिर बाराती-घराती भी आपस में भिड़ गए। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। पुलिस के सामने लड़की वालों ने दहेज मांगने का भी आरोप लगाया। थाने में कई घंटे से पंचायत चल रही है। मामला मांधाता थाना क्षेत्र के हरखपुर गांव का है।हरखपुर में राम किशोर वर्मा की बेटी की शादी जौनपुर के सकरा का पुरवा लोदा गांव के अमरजीत के साथ तय हुई थी। शादी 14 जून को थी। लिहाजा बुधवार की रात अमरजीत बारात लेकर हरखपुर पहुंचा। लड़की वालों ने हंसी-खुशी बारातियों का स्वागत-सत्कार किया।

दूल्हे अमरजीत की भी जमकर खातिरदारी की। उसके बाद द्वारचार की रस्म भी पूरी हुई। उस समय तक सब कुछ ठीक-ठाक था।रात करीब 11 बजे खाना शुरू हुआ और साथ में वरमाला की रस्म भी शुरू हो गई। दूल्हा और दुल्हन को स्टेज पर बुलाया गया। वरमाला डालने से पहले दूल्हे ने दुल्हन से चश्मा लगाकर फोटो खिंचवाने को कहा। बस इसी बात पर विवाद हो गया। यह सुनकर दुल्हन के परिवार वाले परेशान हो गए। रिश्तेदारों ने दूल्हे को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह अपनी शर्त पर अड़ा रहा।करीब डेढ़ घंटे मनाने के बाद भी जब दूल्हा नहीं माना तो हंगामा हो गया। लड़की वालों ने दूल्हे को पकड़ लिया। बीच-बचाव करने पहुंचे दूल्हे के रिश्तेदारों को भी बंधक बना लिया। उसके बाद दूल्हे को ले जाकर एक अमरूद के पेड़ से बांध दिया।दूल्हे वालों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दूल्हे-बारातियों को छुड़ाकर थाने ले गई। थाने में लड़की वालों ने दूल्हे पर बुलेट मोटरसाइकिल दहेज मांगने का भी आरोप लगाया। हालांकि दूल्हा पक्ष ने दहेज मांगने के आरोपों से इनकार किया है। फिलहाल सुबह से लेकर शाम तक थाने में दोनों पक्षों में पंचायत चल रही है लेकिन दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े हुए हैं। थानाध्यक्ष का कहना है कि जयमाल के दौरान ही दूल्हा और दुल्हन में विवाद हो गया था। बाद में मामला दहेज तक पहुंच गया। फिलहाल थाने पर दोनों पक्ष मौजूद हैं। आपस में बातचीत कर रहे हैं। अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। अगर किसी पक्ष ने तहरीर दी तो कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं