ISI के लिए जासूसी करने वाला नौसेना का लांस नायक गिरफ्तार
लखनऊ पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने वाले भारतीय नौसेना के लांस नायक आदर्श कुमार उर्फ लकी को UP ATS ने मंगलवार को आगरा से गिरफ्तार कर लिया। UP ATS ने उसे राजधानी लखनऊ लाने के बाद गहन पूछताछ की। इसके बाद अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।UP ATS के मुताबिक केरल के कोच्चि में दक्षिण नेवल कमांड में लांस नायक के पद पर तैनात आगरा निवासी आदर्श कुमार उर्फ लकी सामरिक महत्व की सूचनाएं ISI को भेज रहा था। जांच में सामने आया कि उसने कुछ संवेदनशील युद्धपोतों की तस्वीरें और लोकेशन ISI के अपने हैंडलर को भेजी थी जिसके बदले उसके बैंक खाते में रकम ट्रांसफर की गई थी।UP ATS पाकिस्तानी एजेंट की निगरानी कर रही थी। इसमें जांच के दौरान आदर्श कुमार का नाम सामने आया था। इसके बाद UP ATS ने भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से उस पर नजर रखनी शुरू कर दी। उसके बैंक खातों की भी जांच की गई जिसमें ISI एजेंट द्वारा रकम भेजने की पुष्टि होने के बाद उसे दबोच लिया गया। UP ATS उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं