ब्रेकिंग न्यूज

CM योगी - पेट्रोल डीजल और LPG गैस की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आगामी पर्व-त्योहारों, यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों को देखते हुए कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।साथ ही उन्होंने पेट्रोल डीजल और LPG गैस की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल डीजल और LPG की कोई कमी नहीं है और किसी भी तरह अफवाह की स्थिति ना बनने पाए। प्रदेश के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि वर्तमान में प्रदेश में कहीं भी पेट्रोल-डीजल और LPG की कोई कमी नहीं है। आपूर्ति और वितरण सामान्य है। मुख्यमंत्री योगी ने खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।कहीं भी किसी प्रकार की घबराहट या कृत्रिम संकट की स्थिति न बनने पाए।खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारी फील्ड में उतर कर निरीक्षण करते रहें।मुख्यमंत्री योगी ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 13 मार्च को अलविदा की नमाज, 14-15 मार्च को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा सब-इंस्पेक्टर एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा, 19 मार्च से चैत्र नवरात्र तथा 20-21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाए जाने की संभावना है। ऐसे में यह अवधि कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। सभी अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।

कोई टिप्पणी नहीं