ब्रेकिंग न्यूज

ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक दरोगा की हीट स्ट्रोक से मौत


अयोध्या जिले में नयाघाट पर ड्यूटी कर रहे एक यातायात उप निरीक्षक की हीट स्ट्रोक से मौत हो गई। उनके साथ ही एक यातायात आरक्षी को भी हीट स्ट्रोक के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
मूल रूप से देवरिया जिले में रुद्रपुर के रहने वाले यातायात उप निरीक्षक विनोद सोनकर (54) दो माह पहले ही लखनऊ से स्थानांतरित होकर अयोध्या आए थे। शनिवार को उनकी ड्यूटी नयाघाट पर लगी थी। बताया जाता है कि दिन में भी उन्हें बुखार की शिकायत थी। शाम होते होते वे गर्मी से व्याकुल हो गए और हालत खराब होने पर नयाघाट पुलिस चौकी में जाकर बैठ गए। वहीं से उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। वरिष्ठ उप निरीक्षक ने उनसे आवास पर जाकर आराम करने के लिए कहा। वे लौट ही रहे थे कि गुदड़ी बाजार के पास बेहोश हो गए। लोगों ने उन्हें फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया। शाम 6:25 बजे उन्हें भर्ती कराया गया। 9:05 बजे उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी व तीन पुत्र और एक पुत्री है।

कोई टिप्पणी नहीं