जाली नोट बनाने वाले गिरोह का खुलासा,8 गिरफ्तार
आजमगढ़ में पुलिस ने जाली नोट बनाने और उसे बाजार में खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ़्तार किया है।इनके पास से 1.19 लाख रुपये के जाली नोट, छापने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण, लैपटॉप-प्रिंटर, A-4 साइज के पेपर, कार और 7 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।आजमगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर अपराध नियंत्रण और नकली नोटों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई। जहां जिले के रौनापार थाने की पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। उसी दौरान सूचना मिली कि टेकनपुर पुलिया के पास एक सफेद कार में कुछ लोग जाली नोटों का लेन-देन कर रहे हैं।सूचना मिलने के बाद पुलिस की 3 टीम ने घेराबंदी कर टेकनपुर पुलिया के पास से 6 आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम जगदीशपुर थाना जीयनपुर से 2 अन्य आरोपितों को जाली नोट बनाने में प्रयुक्त उपकरणों के साथ गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सरगना मनीष मिश्रा जो बरडीहा गांव का रहने वाला है। उसके नेतृत्व में सभी लोग लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से A-4 साइज के पेपर पर जाली नोट छापते थे। बाद में पेपर कटर से उन्हें असली नोटों के आकार में काटकर तैयार किया जाता था। गिरोह के सदस्य असली नोटों की गड्डियों के बीच जाली नोट रखकर बाजारों और दुकानों में चलाते थे। जिससे आम लोग आसानी से पहचान नहीं कर पाते थे।पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में 4 पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कहा कि ये गिरोह तीन-चार हफ्तों से जाली नोट बना रहा था और करीब 4 से 5 लाख रुपये के जाली नोट प्रिंट कर चुका है। पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 178, 179, 180, 181 BNS के तहत दर्ज किया गया है। इन सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।गिरोह के सरगना मनीष मिश्रा समेत अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं