ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में कई शहरों में आज बारिश का अलर्ट

 


लखनऊ उत्तर प्रदेश में लौटता मानसून जमकर बरस रहा है। शुक्रवार को प्रदेश के 37 शहरों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश को देखते हुए आगरा, कानपुर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मेरठ, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और इटावा समेत कई जिलों में स्कूलों की छुट्‌टी कर दी गई है। बीते 24 घंटों में बारिश से जुड़े हादसों में प्रदेश में 10 बच्चों समेत 19 लोगों की मौत हो चुकी है।बीते 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में औसतन 18.2 मिमी बरसात हुई। जो कि अनुमान से 392% ज्यादा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि पूरे उत्तर प्रदेश में औसतन 3.7 मिमी पानी बरसेगा। सबसे ज्यादा बारिश हाथरस में 143 मिमी हुई। जाते हुए मानसून में बरसात से उत्तर प्रदेश में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं।फिरोजाबाद में बारिश का पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया है। कार के गैराज में 6 फीट तक का पानी भरने से गाड़ियां जलमग्न हो गई हैं।

वहीं इलाके के लोग घर छोड़ कर दूसरी जगह रहने को मजबूर हो गए हैं। हमीरपुर और जालौन में भी यही हाल है। बाढ़ का पानी लोगों के घरों तक घुस गया है। जिससे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।कानपुर में बारिश का सिलसिला बीते 5 दिनों से जारी है। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए शहर में 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। कानपुर डीएम  ने कक्षा एक से 12 तक के यूपी, CBSE, ICSE सहित सभी बोर्ड द्वारा संचालित सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में 23 सितंबर को छुट्‌टी घोषित कर दी है। गंगा के जलस्तर में भी लगातार बढ़ोत्तरी जारी है। 17 सितंबर से अब तक गंगा में 1.34 मीटर जलस्तर बढ़ गया है। गंगा बैराज पर बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सभी 30 गेट खोल दिए गए हैं। गुरुवार को शाम 7 बजे तक जलस्तर 112.11 मीटर पर था। गुरुवार को मौसम विभाग ने 34.2 मिमी. बारिश दर्ज की है।दिल्ली-एनसीआर में 24 घंटे से बारिश रुक-रुककर हो रही है। इस वजह से आज गाजियाबाद और नोएडा के स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। दिल्ली से सटे गुरुग्राम जिले में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी कंपनियों को आज वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है। ऐसा इसलिए कहा गया है, ताकि जलभराव की स्थिति में रास्तों पर जाम न लगे।

कोई टिप्पणी नहीं