ब्रेकिंग न्यूज

प्रिंसिपल ने डांटा तो स्टूडेंट ने गोलियां दागीं

 


लखनऊ सीतापुर जिले में शनिवार को 12वीं के छात्र ने स्कूल में प्रिंसिपल को गोली मार दी। छात्र ने तीन गोलियां मारी। वह चौथी गोली तमंचे में लोड कर रहा था तभी टीचर्स और छात्र आ गए। इस बीच मौका मिलते ही आरोपी मौके से भाग गया। प्रिंसिपल की हालत गंभीर है। उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को स्कूल में मारपीट करने पर आरोपी छात्र को प्रिंसिपल ने डांट दिया था। इसी बात से वह नाराज था।वारदात सदरपुर थाना क्षेत्र के आदर्श राम स्वरूप इंटर कॉलेज की है।

घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है। शनिवार सुबह 8.30 बजे प्रिंसिपल राम स्वरूप वर्मा अपने रूम में बैठे हुए थे। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी छात्र गुरविंदर सिंह स्कूल पहुंचा वह सीधे क्लास में गया वहां पर बैग से तमंचा निकलकर कमर में पीछे छिपाता है।  इसके बाद वह प्रिंसिपल के कमरे में जाता है। बताया जा रहा है कि पहले प्रिंसिपल को नमस्ते किया। इसके बाद गोली मारी दी। पहली गोली उनको छुते हुए निकल गई।गोली चलते ही प्रिंसिपल ग्राउंड की तरफ भागे। इसके बाद छात्र ने उन्हें दौड़ाकर मैदान में दो गोली मारी। प्रिंसिपल ने हिम्मत दिखाते हुए गुरविंदर को पकड़ लिया। दोनों में हाथापाई होने लगी। तभी कॉलेज का स्टाफ भी मौके पर आ गया। गुरविंदर चौथी गोली लोड कर रहा था, लेकिन स्टाफ को देखकर गुरविंदर वहां से फरार हो गया। प्रिंसिपल को कमर में पीछे की ओर तीन गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर है।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को बिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है। SO  ने बताया कि आरोपी छात्र की तलाश की जा रही है। वारदात का पता चलते ही आरोपी छात्र का परिवार भी घर बंद करके फरार हो गया है। उनका पता किया जा रहा है। आरोपी परिवार का इकलौता बेटा है। पिता किसान हैं।स्कूल के टीचर्स और छात्रों ने बताया कि शुक्रवार को स्कूल में प्रैक्टिकल फाइल चेक हो रही थी। इसी दौरान इंटर के ही एक अन्य छात्र रोहित से गुरविंदर का विवाद हो गया था। दोनों छात्रों में मारपीट हुई थी। इसके बाद गुस्से में गुरविंदर ने क्लास की कुर्सियां तोड़ दी थी।इस पर प्रिंसिपल राम सिंह वर्मा ने दोनों छात्रों को कमरे में बुलाया। वहां दोनों को फटकार लगाई। कहा था कि दोबारा ऐसा किया तो स्कूल से बाहर कर देंगे। वारदात के बाद पुलिस ने रोहित को कस्टडी में ले लिया है। रोहित से ही शुक्रवार को गुरविंदर का विवाद हुआ था। उधर, पुलिस ने बताया कि आरोपी गुरविंदर की उम्र 19 साल है।

कोई टिप्पणी नहीं