इसरौली को बनाया जाएगा जीरो वेस्ट गांव, स्वच्छता के लिए ग्रामीणों ने निकाली जागरूकता रैली
सुल्तानपुर विकासखंड कुड़वार की ग्राम पंचायत इसरौली में ‘मेरा गांव जीरो वेस्ट गांव’ अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों को गांव को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त बनाने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए घरों से निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन करने की अपील की।
बैठक में एडी पंचायत संतोष पाल ने बताया कि विकासखंड की 75 ग्राम सभाओं में से जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत इसरौली का चयन जीरो वेस्ट गांव के रूप में किया गया है। अभियान के तहत गांव को साफ-सुथरा रखने के साथ ही घरों से निकलने वाले कूड़े का उचित तरीके से एकत्रीकरण एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव को जीरो वेस्ट बनाने में प्रशासन के साथ-साथ ग्रामीणों की सहभागिता बेहद जरूरी है।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि घरों का कूड़ा सड़क, नाली अथवा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत डालें तथा निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा एकत्रित करें। उन्होंने कहा कि लोगों की जागरूकता और सहयोग से इसरौली को स्वच्छ एवं आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जा सकता है।बैठक के बाद एडी पंचायत संतोष पाल, ग्राम पंचायत सचिव रंजीत, खंड प्रेरक साधना चौरसिया, ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार मौर्य और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के नेतृत्व में गांव में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए ‘मेरा कूड़ा, मेरी जिम्मेदारी’ का नारा दिया गया।रैली के दौरान टीम ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को कूड़ा एकत्रित करने के लिए बोरियां वितरित कीं, ताकि घरों से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय उसमें एकत्रित किया जा सके। इस दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े का उचित प्रबंधन करने और गांव को कचरा मुक्त बनाने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।अधिकारियों ने कहा कि जीरो वेस्ट गांव का उद्देश्य केवल सफाई अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों की आदतों में बदलाव लाकर गांव में स्थायी स्वच्छता व्यवस्था विकसित करना है। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए ग्रामीणों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया गया।

कोई टिप्पणी नहीं