ब्रेकिंग न्यूज

कुड़वार बाजार में जल निगम की पाइपलाइन में लीकेज, रोजाना लाखों लीटर पानी सड़क पर बहकर हो रहा बर्बाद


सुल्तानपुर कुड़वार बाजार में आकाश हार्डवेयर के सामने जल निगम की पाइपलाइन में लंबे समय से लीकेज होने के कारण प्रतिदिन लाखों लीटर पीने का पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। लगातार पानी बहने से जहां एक ओर पेयजल की भारी बर्बादी हो रही है।वहीं सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति भी बन रही है, जिससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के मुताबिक पाइपलाइन में लीकेज की समस्या काफी समय से बनी हुई है। सड़क किनारे लगातार पानी बहने के कारण बड़ी मात्रा में स्वच्छ पेयजल नालियों और सड़क पर चला जाता है। लोगों का कहना है कि एक तरफ गर्मी और बदलते मौसम में कई क्षेत्रों में पानी की समस्या सामने आती है, वहीं दूसरी तरफ पाइपलाइन के लीकेज से रोजाना हजारों-लाखों लीटर पानी यूं ही बर्बाद हो रहा है।स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पाइपलाइन लीकेज की जानकारी कई बार जल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक लीकेज को ठीक नहीं कराया गया है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान न होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है।लगातार पानी बहने के कारण सड़क की स्थिति भी खराब हो रही है। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर पानी जमा रहने से ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होती है। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए भी आवागमन मुश्किल हो रहा है।स्थानीय लोगों ने जल निगम के अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर पाइपलाइन के लीकेज को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके और बाजार में जलभराव की समस्या से भी लोगों को राहत मिल सके। जल निगम के GE से संपर्क करने पर फोन नहीं उठा।

कोई टिप्पणी नहीं