ब्रेकिंग न्यूज

चार बार के MLC शैलेंद्र प्रताप सिंह का गायत्री प्रजापति की बहू से होगा मुकाबला, अंतिम दिन दोनों ने भरे पर्चे


सुलतानपुर विधान परिषद चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन आज भाजपा-सपा प्रत्याशी ने पर्चा भरा। भाजपा से जहां चार बार के एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह मैदान में उतरे हैं तो वहीं सपा से गायत्री प्रसाद प्रजापति की पुत्र वधू शिल्पा प्रजापति ने पहली बार मैदान में ताल ठोका है। ऐसे में अब सुल्तानपुर का मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है।

MLC नामांकन के अंतिम दिन सुल्तानपुर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र चतुर्वेदी के साथ अतिरिक्त सीओ एनएन शर्मा और नगर कोतवाल राम आशीष उपाध्याय भी तैनात रहे। भारी ट्रैफिक जाम के बीच पूर्व MLC शैलेंद्र प्रताप सिंह भाजपा उम्मीदवार के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां पर उन्होंने भाजपा विधायक विनोद सिंह सीताराम वर्मा राजेश गौतम और जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा के साथ नामांकन किया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे भी लगाए हैं। वहीं समाजवादी पार्टी से पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की बहू शिल्पा प्रजापति ने नामांकन किया। नामांकन के दौरान गायत्री प्रजापति की पत्नी विधायक महाराजी देवी भी उपस्थित रहीं। समाजवादी पार्टी के इसौली विधायक मोहम्मद ताहिर खान, जिलाध्यक्ष पृथ्वी पाल यादव, महासचिव मोहम्मद सलाउद्दीन, पूर्व विधायक अनूप संडा, पूर्व विधायक अरुण वर्मा, भगेलू राम मौजूद रहे।पर्चा दाखिले के बाद शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य के सहयोग से चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है। समतामूलक समाज की स्थापना ही हमारा उद्देश्य होगा। वही सपा उम्मीदवार शिल्पा प्रजापति ने कहा हम पर विश्वास जताने के लिए हम अखिलेश यादव के प्रति आभार जताते हैं। जनता से उम्मीद है कि हमें भारी मतों से जीत दिलाएगें। इसी क्रम में अमेठी के गौरीगंज से सपा विधायक राकेश सिंह ने कहा कि MLC चुनाव में समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार शिल्पा प्रजापति जीत दर्ज कराएंगी। जिस तरह समाजवादी पार्टी की जीत होती रही है, उसी तरह से होती रहेगी। उधर भाभी के नामांकन में पहुंची गायत्री प्रजापति की बेटी ने कहा कि MLC चुनाव की रणनीति हम मीडिया को बाद में बताएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं