ब्रेकिंग न्यूज

पत्‍नी ने सुपारी देकर प्रेमी से कराई पति की हत्‍या,बेटे ने भी दिया साथ, पुलिस ने किया गिरफ्तार


लखनऊ बस्‍ती के लालगंज थानांतर्गत परेवा निवासी सहदेव की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ने ही रची थी। इसके लिए अपने प्रेमी को दो लाख रुपये की सुपारी दी थी। हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए लालगंज पुलिस ने आरोपी पत्नी व बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। सहदेव का गांव की एक महिला से संबंध होने के चलते पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।परेवा गांव के सिवान में स्थित गन्ने के खेत में 11 दिसंबर को सहदेव (40) का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने उसी दिन बड़े भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी पत्नी किरन ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसके पति सहदेव का संबंध गांव की ही एक महिला से था। कमाई का सारा पैसा सहदेव उसी को दे देते थे। इतना ही नहीं खेत भी उसी को जोतने-बोने के लिए दे दिया था। पुणे में प्राइवेट नौकरी करने वाले उसके पति सहदेव जब नवंबर में कमाकर गांव आए तो सारा पैसा उसी महिला को दे दिया। पूछने पर अपशब्द बोला और कहा कि सारी जायदाद भी उसी को लिख दूंगा। उसने पुलिस को बताया कि वह आशा बहू का काम करती है और किसी तरह बच्चों को पालती थी। महिला का भी प्रेम सम्बन्ध पड़ोसी गांव जमालपुर के सूरज से हो गया था। जब उसने देखा कि अब अपनी पूरी जायदाद पति उसी महिला को लिख देंगे तो उसने प्रेमी सूरज से बातकर पति सहदेव को रास्ते से हटाने को कहा। इसके बदले दो लाख रुपये भी देने को कहा। इसके बाद सूरज अपने साथी विकास को साथ लेकर 6 दिसंबर की रात में घर आया। सहदेव शराब पीकर बरामदे में चारपाई पर सो गया था। रात करीब 11 बजे मैंने व मेरे बेटे ने उसके दोनों पैर और विकास ने दोनों हाथ पकड़ लिए। इसके बाद सूरज ने गला दबा दिया। छटपटाता देख सूरज ने डंडा उठाकर उनके सिर पर कई वार भी किए और सहदेव मर गया। इसके बाद हम चारों ने लाश को ले जाकर घर से थोड़ी दूरी पर गन्ने के खेत में छिपा दिया था।  पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पति के अवैध संबंध को लेकर पत्नी ने ही हत्या की साजिश रची थी। सुपारी लेने वाले प्रेमी सूरज निवासी जमालपुर थाना लालगंज व उसका साथी विकास निवासी कुदरहा थाना लालगंज फरार है। उसकी धरपकड़ का प्रयास जारी है।सहदेव की हत्या की साजिश में उसकी पत्नी के साथ सोलह साल का बेटा भी शामिल हो गया। हाईस्कूल में पढ़ने वाला बेटा भी पिता की हरकतों से तंग आ गया था। पुलिस के अनुसार नशा करके घर आना और गांव की ही एक महिला के साथ अवैध संबंध ने उसे भी झकझोर दिया था। मां ने जब सहदेव को रास्ते से हटाने के प्लान के बारे में उसे बताया तो उसने भी अपनी सहमति दे दी। घरवालों के रवैए को भांप पुलिस का शक शुरू से ही गहराता चला गया था। पूछताछ में सामने आया कि सहदेव 27 नवंबर को पुणे से गांव लौटा था। गांव की एक महिला के साथ 6 दिसंबर को वह अपनी बुआ के घर गया था। यहां से लौटने के बाद से ही गायब था। 9 दिसंबर को सहदेव का पुणे वापसी का टिकट था। उसके गायब होने की जानकारी थाने पर पत्नी या अन्य परिजनों ने नहीं दी थी। छानबीन के बाद ही यह साफ हो गया था कि उसकी हत्या कर शव यहां ठिकाने लगाया गया है। इसीलिए बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किए लालगंज पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर हत्या कर शव छिपाने का मुकदमा दर्ज कर लिया था। 

कोई टिप्पणी नहीं