दो बच्चों को जिंदा जलाकर महिला ने फांसी लगाकर जान दी
लखनऊ झांसी जिले में रविवार की शाम चिरगांव थाना क्षेत्र के गांव नंदसिया में गृह कलह से परेशान एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों की जलाकर हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।एक ही परिवार के तीन लोगों के मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अनिल राजपूत की शादी छपार गांव में रहने वाली अनीता (26) से हुई थी। अनीता के दो बच्चे ढाई वर्षीय अर्पित एवं 9 वर्षीय पुत्री मनु थी। पिछले दिनों अनिल के दादा की मौत हो गई थी। दो दिन बाद उनकी तेरहवीं थी। घर में गम का माहौल था। रविवार को तेरहवीं का सामान खरीदने के लिए परिवार के लोग करगुवां गए हुए थे। बताया जा रहा है कि अनीता की सास गायत्री खेत पर गई थी। घर पर अनीता और बच्चे ही थे।आग लगने से घर से उठे धुआं को देखकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए।उन्होंने दरवाजा खुलवाने के लिए कुंडी बजाई लेकिन कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद आसपास रहने वाले सीढ़ी से छत के रास्ते घर में पहुंचे। आंगन में लगाए गए जाल से अनीता फांसी पर लटक रही थी। यह देखकर हड़कंप मच गया। घर के लोगों व पुलिस को सूचना दी गई। घर के अंदर एक कमरे में दोनों बच्चे जले पड़े थे। पलंग भी पूरी तरह जल गया था। बताया गया कि अनीता की अपनी सास से नहीं बनती थी। घटना से गांव में शोक है।सूचना पर पहुंचे अनीता के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि अनीता को मारा गया है।
कोई टिप्पणी नहीं