प्रेमिका की मौत के 48 घंटे बाद प्रेमी की मौत , सुसाइड से पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखा- 'जब जान ही नहीं तो जीकर क्या करूंगा
सुल्तानपुर जिले में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की सड़क दुर्घटना में मौत के 48 घंटे बाद आत्महत्या कर ली। युवक ने फांसी लगाने से पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने कहा, "जब मेरी जान ही इस दुनिया में नहीं रही तो मैं जी के क्या करूंगा।" यह घटना लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के भागीरथ पट्टी घाटमपुर उत्तरी गांव की है।
मृतक की पहचान दिनेश उर्फ विनीत पुत्र निर्मोही के रूप में हुई है। वह गुरुवार से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर शुक्रवार देर रात गांव के पास नहर पार एक बाग से उसका शव बरामद किया।दिनेश के भाई स्वामित गौतम ने बताया कि दो दिन पहले उसकी प्रेमिका की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, जिससे दिनेश बहुत परेशान था। शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया गया और परिजनों ने उसे दफना दिया।बताया गया है कि दिनेश की दोस्ती लगभग एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए घर से करीब 8 किलोमीटर दूर रहने वाली एक लड़की से हुई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई। लड़की चांदा बाजार में एक मार्ट में काम करती थी। 25 फरवरी को वह अपने भाई के साथ काम पर जा रही थी, तभी रास्ते में अचानक बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया।बाइक अनियंत्रित होने से लड़की और उसके भाई को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोग उन्हें सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से ही दिनेश गहरे सदमे में था। मृतका के चार बहन और तीन भाई थे।मृतक दिनेश अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई रोहित कुमार शादीशुदा हैं और घर पर काम करते हैं, जबकि दूसरा भाई स्वामित कुमार हैंडपंप रिबोर का काम करता है। दिनेश पांचवीं कक्षा तक पढ़ा था और घर पर ही रहता था। उसके पिता का निधन पांच साल पहले हो चुका था।


कोई टिप्पणी नहीं