ब्रेकिंग न्यूज

एसपी ने पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का लिया जायजा


सुल्तानपुर आगामी त्योहारों के मद्देनज़र जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार शाम पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।  पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थलों, धार्मिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया। गश्त के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।निरीक्षण के क्रम में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कैमरे सुचारु रूप से कार्य करते रहें तथा किसी भी तकनीकी समस्या को तत्काल दूर कराया जाए।पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ कर्तव्य पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष नजर रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित चेकिंग करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर बल दिया।इसके साथ ही अराजक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
नगर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

कोई टिप्पणी नहीं