मैनपुरी में सामूहिक नकल का भंडाफोड़, 6 साल्वर हिरासत में
लखनऊ मैनपुरी जिले में यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की सोमवार को दूसरी पाली की परीक्षा में इनपुट के आधार पर STF आगरा और भोगांव SDM की संयुक्त कार्रवाई में बेवर थाना क्षेत्र के स्व. महाराज सिंह स्मारक इंटर कालेज जोत में सामूहिक नकल पकड़ी गई है। केंद्र के पीछे खाली खेत में बैठकर सॉल्वर उत्तरपुस्तिकाओं पर सवाल हल कर रहे थे।STF ने मौके से 6 साल्वर को हिरासत में लिया है। मौके पर गणित की 2 अधलिखीं उत्तर पुस्तिका व जीव विज्ञान विषय का पेपर भी मिला है। एक युवती सहित 6 लोग फरार हो गए हैं। DIOS और STF द्वारा बेवर थाने में तहरीर दी जा रही है।सोमवार को दोपहर में पाली में इंटरमीडिएट के गणित और जीव विज्ञान विषय का पेपर था। मुख्य विषय के पेपर को देखते हुए सभी 93 केंद्र पर निगरानी बढ़ाई गई थी। परीक्षा आरंभ होने से पहले ही STF को नकल से संबंधित इनपुट मिल चुका था।गोपनीय ढंग से मैनपुरी पहुंचे STF के इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह ने भोगांव SDM संध्या शर्मा से जानकारी साझा की और सामूहिक रूप से छापे की योजना बनाई। शाम लगभग 4 बजे टीम ने स्व. महाराज सिंह स्मारक इंटर कालेज जोत में छापा मारा। यहां केंद्र के पीछे खेत में साल्वर उत्तर पुस्तिकाएं लिख रहे थे।टीम को देख एक युवती सहित 6 लोग मौके से फरार हो गए जबकि 6 साल्वर को STF पकड़ लिया। मौके पर गणित विषय की 2 अधलिखीं उत्तर पुस्तिका और जीव विज्ञान विषय का पेपर भी मिला है। सूचना मिलते ही SDM भोगांव , ASP सिटी , DIOS भी मौके पर पहुंच गए।पकड़े गए सॉल्वर आशीष, अनुज, अंकित, शिवम चौहान, अरुण कुमार और अवनीत को बेवर थाने लाया गया। बाह्य केंद्र व्यवस्थापक संतोष कुमार, स्टेटिक मजिस्ट्रेट योगेश कुमार पशुधन प्रसार अधिकारी के विरुद्ध भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।DIOS सतीश कुमार का कहना है कि पेपर और उत्तर पुस्तिका केंद्र व्यवस्थापक द्वारा ही बाहर निकलवाई थीं। केंद्र डिबार संग मान्यता प्रत्याहरण की संस्तुति की जा रही है। केंद्र के पूरे स्टाफ को परिवर्तित किया जाएगा। केंद्र व्यवस्थापक सहित 9 के विरुद्ध तहरीर दी जा रही है। सुबह की पहली पाली में हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय की परीक्षा में भी नेहरू स्मारक इंटर कालेज, समान में नकल करते छात्रा भी पकड़ी गई थी।जिलाधिकारी ने बताया कि 6 सॉल्वर हिरासत में हैं।2 कॉपियां व जीव विज्ञान का पेपर परीक्षा केंद्र के बाहर मिला है। कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं