ब्रेकिंग न्यूज

UP - ई-श्रम पोर्टल पर पुरुषों से आगे निकली महिलाएं


लखनऊ असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में यूपी देश में सबसे आगे निकल आया है। ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के मामले में प्रदेश ने पहला स्थान हासिल किया है।पिछले वर्ष दिसंबर तक उत्तर प्रदेश के कुल 8,42,08,154 असंगठित श्रमिक इस पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। यह उपलब्धि श्रमिकों में बढ़ती जागरूकता का भी प्रमाण है।पंजीकृत श्रमिकों के आंकड़ों पर नजर डालें तो महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक है। कुल पंजीकरण में 52.62 प्रतिशत महिलाएं और 47.38 प्रतिशत पुरुष शामिल हैं।आयु वर्ग के अनुसार, सबसे अधिक 63.39 प्रतिशत श्रमिक 18 से 40 वर्ष के हैं, जबकि 20.90 प्रतिशत श्रमिक 40 से 50 वर्ष आयु वर्ग में आते हैं। वहीं 15.65 प्रतिशत श्रमिक 50 वर्ष से अधिक आयु के हैं।इससे स्पष्ट है कि युवाओं का रुझान ई-श्रम पोर्टल की ओर तेजी से बढ़ा है। देश के अन्य राज्यों की तुलना में भी उत्तर प्रदेश काफी आगे है। यूपी के बाद बिहार में 321.67 लाख, पश्चिम बंगाल में 265.41 लाख, मध्य प्रदेश में 191.81 लाख और महाराष्ट्र में 182.73 लाख असंगठित क्षेत्र के श्रमिक ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत हैं।प्रदेश में पंजीकृत श्रमिकों के व्यवसायिक वितरण से पता चलता है कि सबसे अधिक 48 प्रतिशत श्रमिक कृषि क्षेत्र से जुड़े हैं। इसके अलावा 23 प्रतिशत श्रमिक अन्य व्यवसायों में, 16 प्रतिशत घरेलू व गृहकार्य में, सात प्रतिशत निर्माण क्षेत्र में और छह प्रतिशत वस्त्र उद्योग में कार्यरत हैं।ई-श्रम पोर्टल असंगठित क्षेत्र के कुशल और अकुशल श्रमिकों का राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार करता है। श्रमिक आधार विवरण, लिंक मोबाइल नंबर और बैंक खाते के माध्यम से अपना पंजीकरण कराते हैं।श्रम विभाग के अनुसार, पंजीकरण के बाद श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलने, सामाजिक सुरक्षा से जुड़ने, रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने और आपदा की स्थिति में सहायता मिलने में सुविधा होती है।

कोई टिप्पणी नहीं