ब्रेकिंग न्यूज

तीन बच्चों की मां ने प्रेमी संग घोंटा पति का गला


ग्रेटर नोएडा के देवला गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। तीन बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पत्नी ने इसे हार्ट अटैक से मौत बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सच्चाई सामने आते ही पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विजय (33) निवासी गांव बेलोन, नरौरा जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। वह साइट-सी औद्योगिक क्षेत्र स्थित नौवा नामक कूलर फैक्टरी में कार्यरत था। उसकी पत्नी राखी (29) भी उसी फैक्टरी में काम करती थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। जो फिलहाल गांव में रह रहे हैं। विजय करीब 15 दिन पहले पत्नी को बुलंदशहर से देवला गांव स्थित किराये के मकान में लेकर आया था।सोमवार तड़के करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि विजय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मृतक की पत्नी ने दी और हार्ट अटैक से मौत की बात कही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की परिस्थितियों और शव पर मिले निशानों ने पुलिस को शक में डाल दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि विजय की मौत गला दबाने से हुई है।इसके बाद पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और परिजनों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ी। जांच में सामने आया कि राखी के गुरदीप (31) निवासी विचपरिया पिसावा, जनपद सीतापुर से पिछले चार वर्षों से अवैध संबंध थे। गुरदीप वर्तमान में टैक्सी चालक है और पूर्व में विजय के साथ फैक्टरी में काम कर चुका है। इसी दौरान उसका घर आना-जाना शुरू हुआ और राखी से नजदीकियां बढ़ीं।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पूर्व में राखी एक बार गुरदीप के साथ घर छोड़कर चली गई थी और करीब एक वर्ष तक उसके साथ रही थी। बाद में परिजनों के समझाने पर वह वापस लौटी।लेकिन पति-पत्नी के बीच विवाद जारी रहा घटना की रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि राखी ने रविवार रात फोन कर गुरदीप को घर बुलाया। जब विजय सो रहा था, तब दोनों ने मिलकर दुपट्टे  से उसका गला दबा दिया। वारदात के बाद इसे प्राकृतिक मौत का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने मृतक के भाई अशोक की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को मंगलवार को मोजर बियर गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया गया है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा  ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की विवेचना जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं