ब्रेकिंग न्यूज

जनपद में गाँधी जयन्ती समारोह के आयोजन हेतु डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई आयोजित


सुलतानपुर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में  2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी की जयंती समारोह का आयोजन की रूप रेखा तैयार करने हेतु बैठक आयोजित की गयी। बैठक में सम्बन्धित अधिकारियों व नगर के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ विचार-विमर्श कर जिलाधिकारी द्वारा गत वर्षों की भाॅति जनपद में प्रातः 6 बजे से मन्दिर, मस्जिद, गुरूद्वारा व गिरजाघरों में एकल प्रार्थना के साथ महात्मा गाॅधी के विचारों पर चर्चा की जायेगी एवं जिला मुख्यालय, तहसील, ब्लाक आदि स्थानों पर सभी महापुरूषों की प्रतिमाओं/शिलापटों की सफाई व माल्यार्पण, ध्वजारोहण, गाँधी जी के चित्र का अनावरण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।बैठक में जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों व नगर के प्रबुद्ध नागरिकों/समाज सेवियों से विचार-विमर्श कर निर्णय लिया गया कि गाँधी जयन्ती के दिन प्रातः 7ः30 बजे सभी महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, 7ः30 बजे समस्त विकास खण्ड मुख्यालयों पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से सम्बन्धित शिलापटों की सफाई एवं माल्यार्पण, 9ः00 बजे समस्त सरकारी भवनों एवं अन्य संस्थाओं पर ध्वजारोहण, तत्पश्चात गाँधी जी के चित्र का अनावरण, माल्यार्पण, प्रार्थना सभा एवं रामधुन तथा सर्वधर्म प्रार्थना एवं गाँधी जी के जीवन संघर्ष, उनकी देश सेवा, उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश, निर्बलों का कल्याण सम्बन्धित अन्त्योदय की उनकी अवधारणा तथा भावनात्मक एकता  और अखण्डता के विषय में उनके पर विचारों का संक्षिप्त परिचय सम्बन्धित कार्यालयाध्यक्षों द्वारा दिये जायेंगे।जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्णय लिया गया कि 02 अक्टूबर के दिन प्रातः 10ः00 बजे से सूर्या अकादमी पब्लिक स्कूल, अमहट में मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण सम्बन्धी कैम्प मुख्य चिकित्सा अधिकारी व सम्बन्धित स्कूल द्वारा आयोजित किया जायेगा। इसी प्रकार प्रातः 11ः00 बजे नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत की मलिन बस्तियों, करौंदिया, खैराबाद, घोसियाना, गन्दानाला, सिरवारा रोड एवं कांशीराम कालोनी परिसर की सफाई अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद व अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एवं पीओ डूडा द्वारा कराया जायेगा। प्रातः 11ः30 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी व जिला कुष्ठ रोग अधिकारी के तत्वाधान में कुष्ठ रोगियों का उपचार व फल वितरण किया जायेगा। अपरान्ह 12ः30 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी/जेल अधीक्षक/जेल विजटर के द्वारा जिला कारागार में महिला बन्दीगृह एवं छय रोग चिकित्सालय में फल वितरण किया जायेगा, जबकि अपरान्ह 02ः00 बजे जिला ग्रामोद्योग अधिकारी के संयोजन में एकल चरखा यज्ञ ( अपने घरों में ) का आयोजन किया जायेगा।बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों से अपेक्षा की है कि कोरोना वायरस संक्रमण होने के कारण उपरोक्त समस्त कार्यक्रम शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुरूप सम्पन्न किये जायें। बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) हर्षदेव पाण्डेय ने करते हुए गत वर्ष आयोजित गाँधी जयन्ती समारोह पर चर्चा करते हुए इस वर्ष गाँधी जयन्ती मनाये जाने हेतु सम्बन्धित से जानकारी प्राप्त की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स, अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) हर्षदेव पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) उमाकान्त त्रिपाठी, मुख्य राजस्व अधिकारी शमशाद हुसैन, समस्त उप जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 डी0के0 त्रिपाठी सहित अन्य जनपदीय अधिकारीगण एवं नगर के प्रबुद्ध नागरिक/समाज सेवी आदि उपस्थित रहे।  

कोई टिप्पणी नहीं