बाल श्रम उन्मूलन व श्रमिक पंजीकरण पर डीएम सख्त
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में नवीन सभागार, कलेक्ट्रेट में जिला श्रम बन्धु समिति, जिला बाल श्रम टास्क फोर्स तथा कारखानों के पंजीकरण के संबंध में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में निर्माण अधिष्ठानों एवं निर्माण कार्यों में नियोजित श्रमिकों के पंजीकरण, निर्माण लागत के सापेक्ष एक प्रतिशत उपकर जमा कराने, श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अन्तर्गत प्राप्त आवेदनों के निस्तारण, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना, बाल श्रमिकों के चिन्हांकन तथा कारखानों के पंजीकरण की विभागवार समीक्षा की ।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों के सापेक्ष निर्गत प्रत्येक कार्यादेश, अनुज्ञा-पत्र एवं स्वीकृति आदेश का अधिष्ठान के रूप में निवेश मित्र पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराया जाय। साथ ही निर्माण कार्यों में नियोजित श्रमिकों का यू0पी0बी0ओ0सी0डब्ल्यू0 पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाय तथा निर्माण लागत का एक प्रतिशत उपकर नियमानुसार बोर्ड के पक्ष में जमा कराया जाय। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना की समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष असंगठित कर्मकारों एवं लघु व्यापारियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये, जिससे पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी ने श्रम प्रवर्तन अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं के अन्तर्गत प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाय। साथ ही नामित नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर बाल श्रमिकों का चिन्हांकन, अवमुक्तिकरण एवं पुनर्वासन की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। उन्होंने वर्ष 2027 तक जनपद को बाल श्रम मुक्त जनपद घोषित किये जाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।बैठक में सहायक निदेशक कारखाना को शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में संचालित अपंजीकृत कारखानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं