ब्रेकिंग न्यूज

निर्वाचन साक्षरता क्लब एवं जनगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर डीएम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई बैठक


सुल्तानपुर मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने तथा जनगणना-2027 के प्रति जनसामान्य में व्यापक जागरूकता एवं सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से  कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता व अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) राकेश सिंह की उपस्थिति में जनपद के सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club-ELC) के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने तथा जनगणना-2027 से संबंधित जानकारी को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सोशल मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंचार का एक अत्यंत प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। विशेषकर युवाओं एवं नई पीढ़ी तक किसी भी महत्वपूर्ण संदेश को पहुंचाने में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सरों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी इन्फ्लूएन्सर अपनी रचनात्मकता, व्यापक पहुंच एवं प्रभावशाली संप्रेषण क्षमता का उपयोग करते हुए मतदाता जागरूकता एवं जनगणना-2027 के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।जिलाधिकारी ने निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। युवाओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने इन्फ्लूएन्सरों से अपील की कि वे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरल, रोचक एवं प्रभावी वीडियो, रील, पोस्ट तथा अन्य डिजिटल सामग्री तैयार कर मतदाता जागरूकता का संदेश प्रसारित करें, ताकि अधिकाधिक नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ सकें। जनगणना-2027 के संबंध में जिलाधिकारी  ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारभूत प्रक्रिया है। इसके माध्यम से प्राप्त होने वाले आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, नीतियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए जनगणना की महत्ता, प्रक्रिया एवं उद्देश्य के संबंध में आमजन को सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाह को फैलने से रोकने तथा अधिकृत एवं प्रमाणिक जानकारी का ही प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने इन्फ्लूएन्सरों से अपेक्षा की कि वे जनगणना-2027 के प्रति लोगों की भ्रांतियों को दूर करने, प्रक्रिया के प्रति विश्वास उत्पन्न करने तथा जनसामान्य को जागरूक करने के लिए स्थानीय भाषा एवं सरल शब्दों में डिजिटल सामग्री तैयार करें। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, युवाओं, महिलाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों तक जनगणना का संदेश पहुंचाने के लिए अपने सोशल मीडिया माध्यमों का प्रभावी उपयोग करें।   अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ने कहा कि प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सरों की सहभागिता अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकती है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इसे केवल एक औपचारिक अभियान न मानकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने एवं देश के विकास में सहभागी बनने के अवसर के रूप में लें। मतदाता जागरूकता एवं जनगणना-2027 के प्रचार-प्रसार में सभी इन्फ्लूएन्सर अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।  बैठक में उपस्थित इन्फ्लूएन्सरों ने भी मतदाता जागरूकता एवं जनगणना-2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सहयोग प्रदान करने के प्रति सकारात्मक सहभागिता व्यक्त की। बैठक में सभी सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं