थाना समाधान दिवस में एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
सुल्तानपुर थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कोतवाली नगर पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, आपसी विवाद और राजस्व से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर पहुंचे शिकायतकर्ताओं से एसपी ने सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।थाना कोतवाली नगर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी सदर गरिमा सोनकिया और क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी से उसकी समस्या के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। साथ ही संबंधित अधिकारियों से शिकायतों की वर्तमान स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भूमि एवं जमीनी विवादों से संबंधित मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के साथ कार्य करें। प्रत्येक शिकायत की निष्पक्षता और गंभीरता से जांच कर नियमानुसार उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण में की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।एसपी ने विशेष रूप से कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण और मौके पर जांच की आवश्यकता है, उनमें पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए। टीम दोनों पक्षों की बात सुनकर वास्तविक स्थिति का भौतिक सत्यापन करे और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है। इसलिए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनकी समस्याओं का ऐसा निस्तारण किया जाए, जिससे लोगों को बार-बार थाने और सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कोई टिप्पणी नहीं