ब्रेकिंग न्यूज

प्रतापगढ़-अमेठी में मिलावटी पनीर बनाने वाली तीन इकाइयों पर एफएसडीए का छापा

 


आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए), उत्तर प्रदेश ने प्रतापगढ़ और अमेठी में बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीमों ने दूध एवं दुग्ध उत्पादों का निर्माण करने वाली तीन इकाइयों पर एक साथ छापेमारी कर गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। निरीक्षण के दौरान कहीं खोवा निर्माण के लाइसेंस पर पनीर बनाया जा रहा था तो कहीं औद्योगिक उपयोग के लिए निर्धारित एसिटिक एसिड और स्किम्ड मिल्क पाउडर का इस्तेमाल खाद्य पदार्थों के निर्माण में किया जा रहा था। कई स्थानों पर गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों के बीच खाद्य पदार्थों का उत्पादन एवं भंडारण होता मिला।कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने तीनों इकाइयों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। मौके पर करीब 3.93 लाख रुपये मूल्य का पनीर, पनीर का घोल, क्रीम और दही नष्ट कराया गया। इसके साथ ही तीनों इकाइयों से कुल 10 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभागीय कार्रवाई से दुग्ध उत्पादों के कारोबार में अनियमितता बरतने वाले संचालकों में हड़कंप मचा रहा।प्रतापगढ़ जनपद के उदयपुर (लालगंज) स्थित मेसर्स श्यामलाल एंड सन्स में निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। जांच में पता चला कि फर्म के पास विनिर्माण, वितरण और रिटेल श्रेणी का लाइसेंस है, लेकिन उसमें केवल खोवा निर्माण की अनुमति दर्ज है। इसके बावजूद इकाई में पनीर, खोवा और घी का उत्पादन किया जा रहा था। लाइसेंस भी परिसर में प्रदर्शित नहीं किया गया था। संचालक ने मोबाइल फोन पर लाइसेंस दिखाया।पूछताछ में संचालक ने प्रतिदिन करीब 10 क्विंटल लो-फैट पनीर तैयार करने की बात स्वीकार की, लेकिन तैयार पनीर की आपूर्ति कहां-कहां की जाती है, इसकी जानकारी नहीं दे सके। मौके पर करीब आठ क्विंटल तैयार पनीर, पांच क्विंटल खोवा और 170 किलोग्राम क्रीम मिली। इसके अलावा 25-25 किलोग्राम की 65 बोरियों में स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी) भंडारित पाया गया। संचालक ने स्वीकार किया कि एसएमपी का इस्तेमाल पनीर बनाने में किया जा रहा है।जांच में करीब 2,880 लीटर पनीर का घोल भी मिला, जिसे एसएमपी, पानी और दूध मिलाकर तैयार किया गया था। पनीर निर्माण में इस्तेमाल के लिए 40 लीटर के मूल पैक में एसिटिक एसिड रखा मिला। पैक पर स्पष्ट रूप से औद्योगिक उपयोग के लिए निर्धारित होने का उल्लेख था। इस पर कानपुर की एक एजेंसी का पता भी दर्ज था।निरीक्षण के दौरान इकाई में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की खुलेआम अनदेखी सामने आई। निर्माण स्थल पर गंदा पानी जमा था और चारों तरफ दुर्गंध फैली हुई थी। परिसर में मक्खियां उड़ रही थीं तथा दीवारों और छत पर जाले लगे थे। पनीर गंदे टैंक में रखा मिला, जबकि करीब 170 किलोग्राम क्रीम पांच प्लास्टिक केन में बिना ढके रखी हुई थी। क्रीम पर बड़ी संख्या में मक्खियां बैठी थीं। खुले टैंक में रखे करीब 600 लीटर पनीर के घोल पर भी मक्खियां और जाले दिखाई दिए।एसएमपी की बोरियां सीधे फर्श पर और दीवार से सटाकर रखी गई थीं। इनके भंडारण के लिए पैलेट का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। खोवा निर्माण स्थल की दीवारों पर खोवा जमा था और उस पर मक्खियां बैठ रही थीं। दीवारों पर प्लास्टर तक नहीं था और भट्ठियां भी बेहद गंदी मिलीं।संचालक के अनुसार इकाई में 12 कर्मचारी काम करते हैं, लेकिन किसी का भी स्वास्थ्य परीक्षण नहीं कराया गया था। कर्मचारी न तो निर्धारित पोशाक पहन रहे थे और न ही एप्रन एवं हेयर कैप का इस्तेमाल कर रहे थे। उनके जूते-चप्पल और निजी कपड़े भी खाद्य पदार्थों के साथ रखे मिले। निर्माण स्थल पर कबाड़ जमा था तथा दूध के संग्रहण के लिए गंदे टैंकों का इस्तेमाल किया जा रहा था। दूध की खरीद और भंडारण से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। साफ-सफाई और पेस्ट कंट्रोल का रिकॉर्ड भी नहीं मिला।इसके अलावा तीन अन्य टैंकों में करीब 11 हजार लीटर मिश्रित दूध भंडारित मिला। संचालक दूध की खरीद के स्रोत और तारीख की जानकारी नहीं दे सके। परिसर में बड़ी मात्रा में बर्फ की सिल्ली भी रखी मिली, लेकिन उसके स्रोत और उपयोग के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। खुले में करीब 100 ग्राम मीठा सोडा और लगभग 600 ग्राम फिटकरी का टुकड़ा भी मिला, जिन्हें रखने का उचित कारण संचालक नहीं बता सके।प्रतापगढ़ की इकाई से खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर, खोवा, एसएमपी, मिश्रित दूध और क्रीम के कुल पांच नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। वहीं, अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखे आठ क्विंटल पनीर, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये थी, 2,880 लीटर पनीर का घोल, जिसकी कीमत 1,72,800 रुपये थी तथा 170 किलोग्राम क्रीम, जिसकी कीमत 59,500 रुपये थी, को नष्ट कराया गया।संचालक की सहमति से जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर जांच दल की मौजूदगी में खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। इस प्रकार प्रतापगढ़ की इकाई से कुल 3,32,300 रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार अवस्थी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार माधव ने सहयोग किया।विभागीय टीम ने संचालक को निर्देश दिया कि इकाई में पाई गई कमियों को दूर करने, लाइसेंस में आवश्यक संशोधन कराने और सहायक आयुक्त, प्रतापगढ़ का लिखित आदेश प्राप्त होने तक कारोबार पूरी तरह बंद रखा जाए। अमेठी जनपद के तिलोई क्षेत्र के सांगीपुर (मोहनगंज) में भी दो दुग्ध उत्पाद निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की गई। एक पनीर निर्माण इकाई में निरीक्षण के दौरान गंदगी और दुर्गंध के बीच करीब 195 किलोग्राम बासी पनीर रखा मिला। इसकी अनुमानित कीमत 42 हजार रुपये बताई गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर और मिश्रित दूध के नमूने लेकर बासी पनीर मौके पर ही नष्ट करा दिया।वहीं, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने राम धड़ाके फूड्स का निरीक्षण किया। यहां से क्रीम, दही और खोवा के नमूने लिए गए। जांच के दौरान इकाई में रखा 358 किलोग्राम दही करीब सात दिन पुराना पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 18,620 रुपये थी। टीम ने इसे भी मौके पर नष्ट करा दिया।खाद्य सुरक्षा टीम ने अमेठी की दोनों इकाइयों का संचालन भी बंद करा दिया। इस प्रकार प्रतापगढ़ और अमेठी की तीनों इकाइयों से कुल 10 नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इनमें प्रतापगढ़ से पांच और अमेठी से पांच नमूने शामिल हैं। तीनों इकाइयों में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और अस्वच्छ परिस्थितियों में उत्पादन किए जाने के चलते यह कार्रवाई की गई।एफएसडीए उत्तर प्रदेश की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर प्रदेशभर में आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण, छापेमारी और नमूना संग्रहण का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी, अस्वच्छ और निर्धारित मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।विभागीय अधिकारियों के मुताबिक जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रत्येक खाद्य कारोबारी के लिए लाइसेंस अथवा पंजीकरण अनिवार्य है। इसे प्रतिष्ठान या निर्माण इकाई में प्रदर्शित करना भी जरूरी है। लाइसेंस में जिन खाद्य उत्पादों के निर्माण की अनुमति दी गई है, उनके अतिरिक्त किसी अन्य उत्पाद का निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है।विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय उस पर अंकित एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अवश्य जांचें। दूध और दुग्ध उत्पाद खुले में रखे हों, मक्खियों से घिरे हों अथवा उनसे दुर्गंध आ रही हो तो उन्हें खरीदने से बचें।किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या अस्वच्छता का संदेह होने पर उपभोक्ता एफएसएसएआई की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-112-100 अथवा फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग ने लोगों से शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थों के चयन में सतर्कता बरतने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं