ब्रेकिंग न्यूज

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, छात्रों से भरी बस पलटी, चार की मौत

 आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा से कौशांबी लौट रही छात्र-छात्राओं से भरी एक बस को कन्नौज के ठठिया क्षेत्र में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क पर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई।जबकि 35 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार, कौशांबी जनपद के सिराथू थाना क्षेत्र के अफजलपुर वारी स्थित ओरियंटल पब्लिक स्कूल के करीब 50 छात्र-छात्राएं शिक्षकों के साथ रविवार को दो दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर आगरा गए थे। मंगलवार सुबह सभी छात्र बस से वापस कौशांबी लौट रहे थे। इसी दौरान आगरा-


लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के गांव बैसुइया के सामने बस चालक छात्रों को लघुशंका कराने के लिए बस की गति धीमी कर उसे किनारे कर रहा था। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। बस में सवार छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकांश छात्र-छात्राएं बताए जा रहे हैं।मृतकों की पहचान 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया पुत्र प्रेम कुमार चौरसिया और 17 वर्षीय रजी उल्ला पुत्र शमी उल्ला, दोनों निवासी अफजलपुर वारी, जनपद कौशांबी के रूप में हुई है। इसके अलावा 17 वर्षीय जैद मिर्जा पुत्र रियाज अहमद निवासी नदौरा, थाना खखरेड़ू और 17 वर्षीय अरमान पुत्र रियाज अहमद निवासी गौरे, थाना खखरेड़ू, जनपद फतेहपुर की भी हादसे में जान चली गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हटवाकर आवागमन सुचारु कराने की कार्रवाई की।इस हादसे में चार होनहार छात्रों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया है। वहीं, स्कूल और क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।


कोई टिप्पणी नहीं