ब्रेकिंग न्यूज

30 नवंबर तक स्व-गणना, 1 दिसंबर से घर-घर होगी जनगणना


सुल्तानपुर जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन एवं जनसामान्य की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वयं स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। इस अवसर पर एडीएम (वि0/रा0)  राकेश सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट  प्रीती जैन, एसडीएम (सदर)  गरिमा सोनाकिया सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्व-गणना की प्रक्रिया में प्रतिभाग किया।जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक संचालित की जाएगी।

इसके पश्चात 01 दिसंबर  से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। वहीं 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण संचालित किया जाएगा।   जिलाधिकारी  ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में स्वयं अपनी स्व-गणना अवश्य करें तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश एवं समाज के विकास की योजनाओं, नीतियों तथा संसाधनों के उचित नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग एवं सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात प्राप्त होने वाले विशिष्ट स्व-गणना कोड को सुरक्षित रखें तथा प्रगणक के घर आने पर उन्हें उपलब्ध कराएं, जिससे सत्यापन के उपरांत जनगणना की प्रक्रिया पूर्ण हो सके। स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।  जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। सभी नागरिकों की सक्रिय सहभागिता, सही एवं सटीक जानकारी तथा प्रशासन के समन्वित प्रयासों से जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं