ब्रेकिंग न्यूज

UP में बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगों की बढ़ सकती है पेंशन


लखनऊ यूपी में वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार इन वर्गों को दी जाने वाली मासिक पेंशन की राशि बढ़ाने की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव के मुताबिक, मौजूदा 1000 रुपये की पेंशन को बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह किया जा सकता है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो लाभार्थियों को हर महीने 500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।जानकारी के अनुसार पेंशन बढ़ाने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक सहमति मिलने के बाद इसे कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि अभी तक इस संबंध में अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। कैबिनेट की मंजूरी और शासनादेश जारी होने के बाद ही बढ़ी हुई पेंशन लागू होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।वर्तमान में प्रदेश में पात्र वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को संबंधित योजनाओं के तहत 1000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाती है। सरकार की योजना इस राशि को बढ़ाकर 1500 रुपये करने की है। इससे पेंशनधारकों को सालाना छह हजार रुपये तक की अतिरिक्त सहायता मिल सकती है।महंगाई के दौर में पेंशन की राशि बढ़ने से उन लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके पास आय का कोई नियमित साधन नहीं है। बुजुर्गों के लिए दवाइयों और इलाज का खर्च, निराश्रित महिलाओं के लिए घरेलू जरूरतें तथा दिव्यांगजनों के लिए दैनिक जीवन से जुड़े खर्चों को पूरा करने में अतिरिक्त राशि मददगार साबित हो सकती है।पेंशन की राशि बढ़ाने के लिए सरकार को अतिरिक्त बजट की व्यवस्था करनी होगी। जानकारी के मुताबिक, दिसंबर में पेश किए जाने वाले दूसरे अनुपूरक बजट में इसके लिए धनराशि का प्रावधान किए जाने की तैयारी है। बजट में आवश्यक धनराशि की व्यवस्था और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रस्ताव को लागू करने की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं।वहीं, प्रदेश सरकार ने अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की भी घोषणा की है। पेंशन बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर अब लाभार्थियों की निगाहें कैबिनेट के फैसले पर टिकी हैं। फिलहाल 1500 रुपये मासिक पेंशन को लेकर अंतिम आधिकारिक आदेश जारी होना बाकी है।

कोई टिप्पणी नहीं