ब्रेकिंग न्यूज

डीएम की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा, दशहरा व मूर्ति विसर्जन को लेकर बैठक आयोजित


सुल्तानपुर आगामी दुर्गा पूजा/दशहरा व मूर्ति विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता, अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) रत्नप्रिया व विभिन्न क्षेत्रों में तैनात सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों के साथ नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।

उक्त बैठक में जनपद में दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रमों को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए अब तक की गई तैयारियों के सम्बन्ध में समीक्षा की गई। 

जिलाधिकारी  ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गापूजा एवं दशहरा के दृष्टिगत अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित पूजा पंडालों एवं स्थलों का निरीक्षण कर सभी आधारभूत सुविधाओं जैसे- फायर सेफ्टी, विद्युत आपूर्ति, पूजा पण्डालों की ऊंचाई, अग्निशामक यंत्र, कार्यक्रम की अनुमति/एनओसी, विसर्जन स्थलों का रूट एवं उस पर विद्युत की व्यवस्था, आयोजकों एवं वालेन्टियर्स के फोन नम्बर स्वयं के पास रखने तथा अपने सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट सभी आपस में बैठक कर एक दूसरे का सम्पर्क नम्बर अवश्य रखें, आदि बिन्दुओं पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि सभी अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर कल तक निर्धारित प्रारूप पर जहां जो भी कार्य होने हैं उसे भरकर रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी को सख्त निर्देश दिये कि सभी मूर्ति विसर्जन स्थलों एवं प्रमुख शहरों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम जरूर लगायें। उन्होंने कंट्रोल रूम की स्थापना करने व सी.सी.टी.वी. कैमरा लगाने हेतु अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि उक्त सी.सी.टी.वी. कैमरे का एक्सेस जिलाधिकारी कार्यालय व पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भी कराना सुनिश्चित करें।  जिलाधिकारी  ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रमों के समापन तक पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें। प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना सुनिश्चित किया जाए। 

कोई टिप्पणी नहीं