ब्रेकिंग न्यूज

मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान


लखनऊ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश में निर्वाचक नामावलियों में ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो में बढ़ोतरी के लिए निरंतर पुनरीक्षण अवधि के दौरान विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य ‘कोई मतदाता न छूटे’ (NO Voter to be left behind) की भावना को साकार करते हुए सभी पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करना है। इस संबंध में प्रदेश के समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के पश्चात वर्तमान में चल रहे निरंतर पुनरीक्षण के दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत अर्ह युवा, छूटे हुए मतदाता, पहली बार मतदाता बनने की अर्हता रखने वाले नागरिकों के साथ ही बेघर, दिव्यांग एवं महिला मतदाताओं के नाम विशेष रूप से मतदाता सूची में शामिल कराए जाएंगे।विशेष अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी सहायता समूहों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा अन्य संबंधित विभागों का सहयोग लिया जाएगा। इनके माध्यम से ऐसे पात्र नागरिकों को चिन्हित कर उनका पंजीकरण कराया जाएगा, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं। अभियान के दौरान पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के Citizen Service Portal (voters.eci.gov.in) अथवा ECINET Mobile App के माध्यम से ऑनलाइन फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऑफलाइन माध्यम से भी फार्म-6 भरकर आवश्यक अभिलेखों के साथ अपने बीएलओ, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा किया जा सकता है।निर्वाचन आयोग ने आवेदकों से फार्म में अपनी सभी प्रविष्टियां शुद्ध, सही एवं त्रुटिरहित भरने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की गलती न रह जाए। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को छोड़कर अन्य पुनरीक्षणों में भरे जाने वाले फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र की अनिवार्यता भी समाप्त कर दी गई है।निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारियों को जनपद स्तर पर विभिन्न माध्यमों से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी पहुंचाना है।इस अभियान में महिला कल्याण, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा। विभागीय स्तर पर पात्र नागरिकों को जागरूक करते हुए उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।निर्वाचन विभाग का उद्देश्य है कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और मतदाता सूची अधिक समावेशी एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं