बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिले सीएम योगी, राहत सामग्री वितरित
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बक्शी का तालाब तहसील क्षेत्र के ग्राम हरदा पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं सहायता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। सीएम योगी ने लखनऊ के उन क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण भी किया।जहां गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है।
उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार सभी प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन को आवश्यक संसाधन और पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।उन्होंने कहा कि विगत 10 दिनों में यूपी के 50 से अधिक जनपदों में हुई भारी बारिश के कारण कई नदियों के जलस्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके चलते कई स्थानों पर जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी है।
गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से कुछ क्षेत्रों में लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ रहा है। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से पूरी तरह प्रभावित गांवों और मोहल्लों में प्रत्येक प्रभावित परिवार तक सूखे राशन समेत आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में स्थानीय प्रशासन लगातार सक्रिय रहे और प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए।उन्होंने कहा कि यदि दुर्भाग्यवश डूबने अथवा आकाशीय बिजली गिरने से जनहानि होती है तो इसे आपदा की श्रेणी में रखते हुए प्रभावित परिवार को तत्काल चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि बारिश या बाढ़ के कारण यदि किसी पात्र परिवार का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाता है तो उसे प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत नया आवास उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पात्र परिवारों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि उन्होंने फैजुल्लागंज से लेकर नैमिष तक नदी के तट का सर्वेक्षण किया है। इस क्षेत्र में बाढ़ और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तटबंध निर्माण की योजना को मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए तत्काल धनराशि जारी कर कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।उन्होंने कहा कि तटबंध का निर्माण इस प्रकार कराया जाएगा कि वह हर मौसम में उपयोगी रहे। साथ ही, तटबंध पर ग्रीन कॉरिडोर की तर्ज पर आवागमन की सुविधा भी विकसित करने की योजना है। सीएम ने बरसात के पानी की निकासी के लिए भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या को कम किया जा सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए, प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री समय से पहुंचे और जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।



कोई टिप्पणी नहीं