गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु पोलिंग पार्टियां हुई रवाना
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित पोलिंग पार्टी रवानगी कैम्प का निरीक्षण किया । इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रत्न प्रिया भी उपस्थित रही।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों के ड्यूटी स्थल, मतदाता सूची, स्टेशनरी, मतपत्र एवं वाहन डेस्क का जायजा लिया तथा माइक्रो आब्जर्वर एवं मतदान कार्मिकों को रवानगी से पूर्व उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पोलिंग पार्टियों को मतदान से संबंधित आवश्यक सामग्री समय से उपलब्ध करा दी जाए, जिससे मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। मतदान प्रक्रिया की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की गई है।जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि मतदान की निष्पक्षता एवं गोपनीयता बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, कैमरा, पेन, पेंसिल, सादा कागज एवं पानी की बोतल ले जाना प्रतिबंधित है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन प्रतिबंधों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने एवं प्रतिरूपण की संभावना को रोकने के संबंध में जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि मतदान के समय मतदाता को अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ है, तो वह भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत कर अपनी पहचान स्थापित कर सकता है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।

कोई टिप्पणी नहीं