जनगणना-2027 प्रशिक्षण कार्यक्रम का डीएम ने किया उद्घाटन व निरीक्षण
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत तहसील सदर (ग्रामीण) के चार्ज स्तर पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का जी0डी0 गोयनका पब्लिक स्कूल के तृतीय तल पर निरीक्षण किया । इस अवसर पर जिलाधिकारी ने फीता काटकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कक्षों में जाकर प्रशिक्षुओं से संवाद किया तथा प्रशिक्षण की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण कार्य है। राष्ट्र को मजबूत एवं सशक्त बनाने के लिए जनगणना की प्रक्रिया का सही, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न होना अत्यंत आवश्यक है। जनगणना के दौरान एकत्रित किया जाने वाला प्रत्येक आंकड़ा सही एवं प्रामाणिक होना चाहिए, क्योंकि इन्हीं आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाओं के निर्माण एवं विकास की दिशा निर्धारित करने में सहायता मिलती है। जिलाधिकारी ने सभी प्रशिक्षुओं को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करें तथा जनगणना से संबंधित सभी निर्धारित मानकों एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही प्रत्येक जानकारी को ध्यानपूर्वक समझें, सभी प्रशिक्षण सत्रों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें तथा महत्वपूर्ण बिंदुओं को नोट करें। जनगणना से संबंधित सभी प्रश्नों एवं प्रक्रियाओं को भली-भांति समझकर ही फील्ड में कार्य करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।जिलाधिकारी ने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सभी एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व का निर्वहन करने जा रहे हैं। आपके द्वारा किया जाने वाला कार्य देश के विकास एवं एक सशक्त समाज की आधारशिला तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसलिए इस कार्य को पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ संपन्न करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रीति जैन, उपजिलाधिकारी सदर गरिमा सोनकिया सहित संबंधित अधिकारीगण एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं