ब्रेकिंग न्यूज

ABHA सैचुरेशन में प्रदेश में प्रथम स्थान मिलने पर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को किया सम्मानित


सुल्तानपुर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत ABHA (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) सैचुरेशन में जनसंख्या के सापेक्ष प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने जनपद के स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को सम्मानित किया । इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, आशा, एएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के 8 वर्ष तथा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के 5 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर दिनांक 07 अक्टूबर  को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ के मार्स ऑडिटोरियम में ‘आयुष्मान संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में जनपद सुलतानपुर को जनसंख्या के सापेक्ष ABHA सैचुरेशन के क्षेत्र में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री  ब्रजेश पाठक द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण को सम्मान प्रदान किया । इस अवसर पर राज्य मंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि जनपद में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा आमजन को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में किए गए समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने में डिजिटल तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना सुनिश्चित करें।  मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण ने इस उपलब्धि का श्रेय जनपद के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, आशा, एएनएम तथा स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के सामूहिक एवं समर्पित प्रयासों को दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों को ABHA से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। ABHA (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत नागरिकों को प्रदान की जाने वाली 14 अंकों की विशिष्ट स्वास्थ्य पहचान संख्या है। इसके माध्यम से नागरिक अपने स्वास्थ्य संबंधी डिजिटल रिकॉर्ड, जैसे जांच रिपोर्ट, चिकित्सकीय परामर्श, प्रिस्क्रिप्शन एवं उपचार संबंधी जानकारी को व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रख सकते हैं। नागरिक की सहमति के आधार पर इन रिकॉर्ड को संबंधित स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के साथ साझा किया जा सकता है। इससे उपचार के दौरान पुराने चिकित्सकीय अभिलेखों की उपलब्धता आसान होती है तथा चिकित्सकों को मरीज के स्वास्थ्य संबंधी विवरण समझने में सुविधा मिलती है।जनपद सुलतानपुर द्वारा ABHA सैचुरेशन में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं जनसामान्य को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कोई टिप्पणी नहीं