नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक होगा भव्य एयर शो, सीएम योगी ने दिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
लखनऊ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश की सामरिक क्षमताओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले आयोजनों को नई पहचान मिल रही है। इसी क्रम में वाराणसी के नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर, 2026 तक प्रस्तावित भव्य एयर शो की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सीएम योगी ने एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि एयर शो जैसे बड़े आयोजन में आने वाले दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर में मजिस्ट्रेट के साथ प्रशिक्षित पुलिस बल की तैनाती की जाए। भीड़ की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रवेश और निकास मार्गों की पर्याप्त व्यवस्था करने के साथ यातायात डायवर्जन और पार्किंग की समुचित योजना पहले से तैयार करने के निर्देश दिए गए। सीएम योगी ने नमो घाट सहित काशी के प्रमुख घाटों और आसपास के क्षेत्रों में जल एवं थल मार्ग से होने वाले आवागमन को लेकर विशेष योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान घाटों पर आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और जल मार्ग पर भी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।उन्होंने पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता तथा आपातकालीन सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रमुख स्थानों पर मेडिकल टीम, एंबुलेंस और आवश्यक आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाई जा सके। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भारतीय वायुसेना, वाराणसी जिला प्रशासन, पुलिस तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन से जुड़े सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से निर्धारित करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।सुरक्षा एवं आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए मॉकड्रिल कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके माध्यम से संभावित आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तैयारियों, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को परखा जाएगा।एयर शो में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन की ओर से दर्शकों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पार्किंग स्थलों, यातायात व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को एकीकृत रूप से संचालित करने की योजना तैयार की जा रही है। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को दूर किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी कर ली जाएं। नमो घाट और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं, पर्यटकों और एयर शो देखने पहुंचने वाले दर्शकों के आवागमन को सुगम बनाने पर विशेष जोर रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं