डीएम की अध्यक्षता में तहसील जयसिंहपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन
सुल्तानपुर शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में माह सितम्बर के प्रथम शनिवार को तहसील जयसिंहपुर सभागार में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम ने जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना गया तथा सम्बन्धित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।
डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से करते हुए शिकायतकर्ता को पूर्णरूप से संतुष्ट किया जाये। उन्होंने कहा कि जो शिकायत भूमि विवाद से सम्बन्धित है उसमें राजस्व व पुलिस विभाग संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर निस्तारित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 142 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए निर्धारित समयावधि में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।तत्पश्चात डीएम ने समाधान दिवस में उपस्थित अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा गया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में जो भी शिकायतें आज प्राप्त हुई हैं उन सभी शिकायतों का सम्बन्धित अधिकारी तत्काल संज्ञान लेते हुए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण कर अवगत करायें। बैठक के दौरान धारा-24 एवं वरासत से सम्बन्धित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वरासत के मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा सभी प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने एसडीएम एवं तहसीलदार को अपने-अपने न्यायालयों में प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अपने-अपने कार्यालयों में शत-प्रतिशत ई-ऑफिस का संचालन प्रारम्भ कर दें कोई भी फाइल बिना ई-ऑफिस के स्वीकार नहीं की जायेगी। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि अब से कोई भी ऑफलाइन पत्रावली नहीं चलायेगा, यदि ऐसा किया तो कठोर कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय से प्राप्त हो सके। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 भरत भूषण, उपजिलाधिकारी जयसिंहपुर संदीप यादव सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। इसी क्रम में जनपद की अन्य समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर जन शिकायतें सुनी गयी और सम्बन्धित तहसील स्तरीय अधिकारियों द्वारा निस्तारित किए गए तथा प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गयी।



कोई टिप्पणी नहीं