ब्रेकिंग न्यूज

बाइक सवार हमलावरों ने युवक को मारी गोली, पुलिस जांच में जुटी


सुल्तानपुर अखंडनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 6:30 बजे पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। वारदात प्राथमिक विद्यालय सर्व के पास हुई। गोली लगने से घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हालत को गंभीर देखते हुए बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घटना की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं।अखंडनगर थाना क्षेत्र के सरावां गांव निवासी 28 वर्षीय राजन पुत्र रामस्वरथे बुधवार शाम अपनी पत्नी करिश्मा के साथ अलीपुर बाजार से बाइक से घर लौट रहा था। बताया गया कि जैसे ही वह प्राथमिक विद्यालय सर्व के पास पहुंचा, तभी दो बाइक सवार युवकों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद राजन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर पहुंचाया।सीएचसी में चिकित्सक  ने घायल का प्राथमिक उपचार किया।

इसके बाद उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद राजन की पत्नी करिश्मा का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वह गांव के दो अन्य लोगों के साथ एंबुलेंस से घायल पति को लेकर जिला अस्पताल पहुंची।बताया जा रहा है कि राजन के शरीर में चार छर्रे लगे हैं। इनमें एक छर्रा सीने, एक पेट और दो छर्रे पीठ में लगे हैं। घायल राजन ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि शुभम शुक्ला ने दो लोगों को भेजकर उस पर हमला कराया। उसके मुताबिक, दोनों हमलावर बाइक से आए थे और उनकी बाइक का नंबर UP 44 C 1922 बताया गया है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे छेड़छाड़ से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि घायल युवक पर गांव की एक लड़की को परेशान करने का आरोप लगाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद में लड़की के भाइयों की ओर से घटना को अंजाम दिया गया हो। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।पुलिस के मुताबिक, जिस युवक पर लड़की को परेशान करने का आरोप लगाया जा रहा है, वह घटना के बाद मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने उसे भी पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटना की जांच के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। फायरिंग की घटना में घायल व्यक्ति का पुलिस अधीक्षक  विनीत जायसवाल द्वारा जिला चिकित्सालय  पहुंचकर CMS एवं CMO की उपस्थिति में लिया गया स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।

कोई टिप्पणी नहीं