सीएम योगी कल सौंपेंगे 1375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र
लखनऊ उत्तर प्रदेश में ग्रामीण विकास, सुशासन और पंचायत व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार सोमवार, 28 सितंबर को महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। पंचायती राज विभाग की ओर से नवचयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। मुख्यमंत्री अपने कर-कमलों से समारोह का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर की भी विशिष्ट उपस्थिति रहेगी।नियुक्ति पत्र वितरण समारोह सोमवार सुबह 10:30 बजे से लखनऊ के विभूतिखंड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित किया जाएगा। विभागीय कार्यक्रम के अनुसार समारोह में सभी 1,375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों की सहभागिता रहेगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच से प्रतीकात्मक रूप से 11 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इसके बाद नवचयनित अधिकारियों के लिए आयोजित कार्यक्रम में पंचायत प्रशासन और ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न जानकारियां साझा की जाएंगी।समारोह के दौरान कुछ नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारी अपनी चयन प्रक्रिया और नियुक्ति से जुड़े अनुभव भी साझा करेंगे। इसके साथ ही ग्रामीण विकास पर आधारित एक विशेष लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं और पंचायत व्यवस्था की भूमिका को प्रदर्शित किया जाएगा।ग्राम पंचायत अधिकारी पंचायत प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी माने जाते हैं। उनकी नियुक्ति से ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक कार्यों के संचालन, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण नागरिकों को पंचायत स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।नवचयनित अधिकारियों की तैनाती से ग्राम पंचायतों में सरकारी योजनाओं की निगरानी, अभिलेखों के रखरखाव, विकास कार्यों के समन्वय तथा ग्रामीणों से जुड़े प्रशासनिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में सहायता मिलेगी।समारोह के दौरान नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों के लिए प्रस्तावित एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को पंचायत प्रशासन, ग्रामीण विकास योजनाओं, विभागीय प्रक्रियाओं और जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों की जानकारी प्रदान की जाएगी।पंचायती राज विभाग का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को अधिक सक्षम, पारदर्शी और जनसुविधा केंद्रित बनाना है। नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों की नियुक्ति को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इनके माध्यम से पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के जरिए सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और पंचायतों की कार्यक्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। ग्राम पंचायतों को विकास की बुनियादी इकाई मानते हुए पंचायत स्तर पर पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नवचयनित अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं