सुलतानपुर में ‘रक्षाबंधन का त्योहार-मातृशक्ति को उपहार’ कार्यक्रम का शुभारंभ
सुल्तानपुर रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर प्रदेश सरकार ने मातृशक्ति को बड़ा उपहार दिया है। परिवहन विभाग की ओर से आयोजित ‘रक्षाबंधन का त्योहार-मातृशक्ति को उपहार’ कार्यक्रम का बुधवार को पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, प्रदेश अध्यक्ष जनता दल सेकुलर ओंकार सिंह, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि समेत जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ और विशेष बसों को फ्लैग ऑफ किए जाने का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को भी सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा 27 अगस्त 2026 को सुबह छह बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। महिलाएं आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगी।कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने उपस्थित मातृशक्ति को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए साड़ी और मिठाई भेंट की। सभागार में मौजूद बड़ी संख्या में महिलाओं को भी साड़ी एवं मिष्ठान वितरित किया गया।अपने संबोधन में मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की सभी बहनों और माताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए शुरू की गई ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की महिला सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस पहल से महिलाएं बिना आर्थिक बाधा के अपने भाई और परिजनों के पास पहुंचकर रक्षाबंधन का त्योहार उत्साह और सम्मान के साथ मना सकेंगी।मंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी और कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उनके सम्मान और सुविधा का विशेष ध्यान रख रही है।सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने भी रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने तथा 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए विशेष योजना शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में माताएं और बहनें मौजूद रहीं।

कोई टिप्पणी नहीं