सीमाओं पर सख्ती और शोहदों पर नजर, अपराध नियंत्रण को सुल्तानपुर एसपी ने तय की रणनीति
सुल्तानपुर जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। दोपहर करीब दो बजे आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना, सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करना, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में होने वाली कई आपराधिक घटनाओं में अपराधी पड़ोसी जिलों की सीमाओं का फायदा उठाते हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दूसरे जिले की सीमा में प्रवेश कर जाते हैं।जिससे उनकी गिरफ्तारी में चुनौती आती है। ऐसे अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। दूसरे जिलों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अपराधियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं, छात्राओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर विशेष पहल शुरू करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पोस्टर छपवाकर लड़कियों और महिलाओं से मनचलों तथा शोहदों के बारे में लिखित फीडबैक मांगा जा रहा है। पुलिस तक पहुंचने वाली शिकायतों और सूचनाओं को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।ताकि महिलाएं और छात्राएं बिना किसी डर के अपनी बात पुलिस तक पहुंचा सकें।प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ऐसे लोगों की पहचान करेगी।जो महिलाओं और छात्राओं को परेशान करते हैं। इसके बाद एंटी रोमियो स्क्वायड द्वारा संबंधित व्यक्तियों की निगरानी की जाएगी। शुरुआती स्तर पर उन्हें समझाकर चेतावनी दी जाएगी, लेकिन दोबारा गलती करने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जाएगा। अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। उनका उद्देश्य अपराध होने के बाद कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय अपराध की रोकथाम के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्था तैयार करना है।उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने तथा शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करने पर भी जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस अधीक्षक की प्राथमिकताओं से स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में जिले में सीमावर्ती सुरक्षा, महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सक्रियता और बढ़ेगी। महिलाओं एवं छात्राओं से मिलने वाले फीडबैक को इस अभियान का महत्वपूर्ण आधार बनाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं