डीएम अध्यक्षता में एसपीसीए की समीक्षा बैठक हुई आयोजित
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उक्त बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित सम्बन्धित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे ।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि 31 जुलाई, तक एसपीसीए के पंजीयन का नवीनीकरण करा दिया तथा इसमें गैर सदस्यों को नामित किया गया है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि एआरटीओ द्वारा संज्ञान में लाये गये प्रकरण राज्य मार्गों पर अवैध पशुओं के सम्बन्ध में कार्यवाही की जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि राज्यमर्गों पर सतत निगरानी रखकर उनको अवैध पशुओं से मुक्त रखा जाय, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि नीलगाय द्वारा फसलों का किये जा रहे नुकसान के सम्बन्ध में विस्तृत कार्य योजना बनाकर फसलों को नुकसान से बचायें। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में मॉस की दुकानों को व्यवस्थित किया जाय। उन्होंने निर्देशित किया कि पशुओं के उपचार हेतु चिकित्सालयों पर चिकित्सक उपलब्ध रहे। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अगली बैठक में समस्त वेटनरी ऑफिसर्स उपस्थित हों तथा उनके द्वारा किये गये निरीक्षण एवं चिकित्सा का पूर्ण विवरण फोटो के साथ लेकर उपस्थित रहे। तत्पश्चात राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम में एफएमडी टीकाकरण के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि टीकाकरण पर विशेष ध्यान दें तथा पशुओं की सतत निगरानी कर समय पर टीकाकरण करें। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि पशु आरोग्य मेला माह सितम्बर/अक्टूबर में गाइड लाइन आने के पश्चात संचालित किया जायेगा। उन्होंने अवगत कराया कि राष्ट्रीय गोकुल मिशन के अन्तर्गत कृत्रिम गर्भाधान योजना जनपद मण्डल में द्वितीय स्थान पर है तथा कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ाने के लिये तेजी से कार्य किया जा रहा है। कुक्कुट विकास नीति के अन्तर्गत अंडा उत्पादन में वृद्धि लाने हेतु कई पोल्ट्री फार्मों से सम्पर्क किया जा रहा है तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कर अंडा उत्पादन में वृद्धि लाई जा रही है। पशुधन बीमा योजनान्तर्गत अवगत कराया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में कोई लक्ष्य आवंटित नहीं है। पिछले वित्तीय वर्ष में 1624 पशुओं का बीमा किया गया था। उन्होंने अवगत कराया कि नन्दबाबा दुग्ध मिशन योजना में लक्ष्य पूर्ण हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया गया कि अगली बैठक में वेटनरी ऑफिसर्स अपने-अपने ब्लाकों का ऑकड़ा प्रस्तुत करते हुए यह बतायें कि उन्होंने क्या किया, क्या कर रहे हैं तथा क्या करेंगे तथा फील्ड मोबाइल वैन सहित कार्य करना सुनिश्चित करें।

कोई टिप्पणी नहीं