ब्रेकिंग न्यूज

माफियाओं पर कार्रवाई जारी रखें, गो-तस्करी और धर्मांतरण पर 24 घंटे रहें अलर्ट: सीएम योगी


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के निस्तारण और आगामी त्योहारों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही गो-तस्करी, धर्मांतरण और धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाओं को लेकर 24 घंटे सतर्क रहने को कहा। सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। संवेदनशील मामलों में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तत्काल कार्रवाई करें और किसी भी घटना को बढ़ने से पहले प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जाए।राजस्व मामलों के निस्तारण में लापरवाही पर सीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों को लगातार टालने की ‘तारीख पर तारीख’ की प्रवृत्ति अब हर हाल में खत्म होनी चाहिए। पांच वर्ष से अधिक पुराने राजस्व मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।सीएम ने अधिकारियों से कहा कि लंबित राजस्व मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और उनके निस्तारण की गति बढ़ाई जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से मामले लंबित पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाए।जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर भी सीएम ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल कागजों पर निस्तारण स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने निर्देश दिया कि गलत तरीके से निस्तारित किए गए मामलों में संबंधित जिले को पांच दिन के भीतर स्पष्टीकरण देना होगा। जिन शिकायतों में शिकायतकर्ता असंतुष्ट है उनका दोबारा परीक्षण कराकर प्रभावी समाधान कराया जाए।आगामी जन्माष्टमी को देखते हुए सीएम योगी ने मथुरा-वृंदावन में विशेष सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए अलग से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। सीएम ने वृंदावन में नया पुलिस सर्किल बनाने तथा मथुरा और वृंदावन में अलग-अलग जॉइंट मजिस्ट्रेट की तैनाती के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहले से पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान सीएम को बताया गया कि 13 जुलाई से 23 अगस्त के बीच गंभीर अपराधों में 5.1 प्रतिशत और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में 3.9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।मुख्यमंत्री ने जोन और रेंज स्तर पर प्रत्येक सप्ताह अपराधों का विश्लेषण करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला और बाल अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ संवेदनशीलता बरतने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपराध नियंत्रण के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी रणनीति बनाकर लगातार उसकी समीक्षा की जाए।गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन स्थलों पर हाईटेंशन तारों, उफनती नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों की पहले से पहचान कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।संवेदनशील विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और गोताखोरों समेत जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय स्तर पर सभी जरूरी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।मुख्यमंत्री ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने को कहा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। माफियाओं के खिलाफ अभियान, अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा सुनिश्चित की जाए।

कोई टिप्पणी नहीं