TET परीक्षा को नकलविहीन कराने में जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क, डीएम व एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण
सुलतानपुर उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान पत्रों की जांच, सुरक्षा इंतजाम, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए गए निर्देशों के अनुपालन का बारीकी से निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और प्रत्येक अभ्यर्थी के साथ समान एवं पारदर्शी व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा कक्षों की लाइव मॉनिटरिंग लगातार की जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पैनी नजर रखी गई ताकि नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच कराई गई और शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया गया। परीक्षा केंद्रों के आसपास भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण करते रहे।जिला प्रशासन की सतर्कता, प्रभावी निगरानी और व्यापक सुरक्षा प्रबंधों के चलते जनपद सुलतानपुर में शिक्षक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और बिना किसी व्यवधान के संपन्न होती नजर आई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को परीक्षा समाप्त होने तक पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।



कोई टिप्पणी नहीं