पुलिस की मुठभेड़ में ₹50 हजार का इनामी बदमाश समेत 4 शातिर चोर गिरफ्तार, ₹11 लाख नकद, अवैध असलहे व जीप कंपास बरामद
सुल्तानपुर जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जयसिंहपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुरुवार देर रात पीढ़ी टोल प्लाजा के पास हुई मुठभेड़ में सीतापुर के ₹50 हजार के इनामी बदमाश समेत चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर भेजा गया है।अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि 2/3 जुलाई की रात लगभग 3 बजे थाना जयसिंहपुर पुलिस पीढ़ी टोल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक जीप कंपास में सवार कुछ संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बैरिकेडिंग तोड़कर भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन बदमाश घायल हो गए और चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिकेत चौहान पुत्र पिंकू चौहान निवासी नरेंद्रपुर थाना सदरपुर, जनपद सीतापुर, आकाश पुत्र अवधेश निवासी बीबीपुर थाना इमलिया सुल्तानपुर, जनपद सीतापुर, मिथलेश चौहान पुत्र सुंदर लाल निवासी मथुआपुर थाना रेउसा, जनपद सीतापुर तथा अजय पुत्र अनंत राम निवासी बीबीपुर इमलिया, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार अनिकेत चौहान पर 52 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह ₹50 हजार का इनामी बदमाश है। आकाश पर 46, मिथलेश चौहान पर 26 तथा अजय पर 22 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 देसी तमंचे, 22 जिंदा कारतूस, लगभग ₹11 लाख नकद, एक जीप कंपास और चोरी के आभूषण बरामद किए हैं।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से सुल्तानपुर सहित आसपास के जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के अनुसार जिस समय इन्हें पकड़ा गया, उस समय भी ये चोरी की वारदात करने की नीयत से क्षेत्र में आए थे।अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क और चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं