ब्रेकिंग न्यूज

अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, ₹60 लाख से अधिक की नकदी, जेवरात और जीप कंपास बरामद


सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान के तहत सुल्तानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या सोमेन बर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के चोरी के जेवरात, भारी मात्रा में नकदी, अवैध असलहे तथा 31 लाख रुपये कीमत की जीप कंपास एसयूवी बरामद की है।पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर 3 जुलाई 2026 को तड़के करीब 3 बजे पीढ़ी टोल के पास चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से करीब 17.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 11.50 लाख रुपये नकद तथा चोरी के पैसों से खरीदी गई 31 लाख रुपये की जीप कंपास एसयूवी बरामद हुई।पूछताछ में आरोपियों ने सुल्तानपुर जनपद के जयसिंहपुर, चांदा, कूरेभार, कोतवाली देहात, गोसाईंगंज और मोतिगरपुर थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित चोरी के जेवरात और नकदी भी बरामद कर ली है। इसके अलावा अन्य जनपदों में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़ा माल भी आरोपियों के कब्जे से मिला है।पुलिस ने बताया कि थाना कूरेभार तथा अंबेडकरनगर से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज और यक्ष एप के माध्यम से तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की पहचान की गई, जिसके बाद विशेष अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह सीतापुर से जीप कंपास में निकलकर विभिन्न हाईवे मार्गों पर पहुंचता था और पहले अच्छे व सुनसान मकानों की रेकी करता था। एक दिन में दो से तीन मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य रात में घर के भीतर सो रहे लोगों के बीच पहुंचकर बेहद शातिर तरीके से चोरी करते थे। यदि कोई जाग जाता था तो तमंचा दिखाकर धमकाते हुए फरार हो जाते थे।चोरी के बाद जेवरात बेचकर आपस में रुपये बांट लेते थे। पुलिस के मुताबिक चोरी की रकम से आरोपियों ने अपने मकान बनवाए और 31 लाख रुपये की जीप कंपास भी खरीदी थी। वे अन्य वाहन खरीदने की भी तैयारी में थे।प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह सुल्तानपुर के अलावा सीतापुर, रायबरेली, अंबेडकरनगर, बहराइच, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, हरदोई, कानपुर नगर, शाहजहांपुर, कन्नौज, गोंडा, प्रयागराज सहित आसपास के कई जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

अनिकेत चौहान पुत्र पिंकू चौहान, निवासी नरेंद्रपुर, थाना सदरपुर, जनपद सीतापुर (घायल), थाना अटरिया से ₹50 हजार का इनामिया।आकाश पुत्र अवधेश, निवासी बीबीपुर, थाना इमलिया सुल्तानपुर, जनपद सीतापुर (घायल), हिस्ट्रीशीटर संख्या 4A।मिथलेश चौहान पुत्र सुंदरलाल, निवासी मथुआपुर, थाना रेउसा, जनपद सीतापुर (घायल), हिस्ट्रीशीटर संख्या 8A।अजय पुत्र अनन्त राम, निवासी बीबीपुर, थाना इमलिया सुल्तानपुर, जनपद सीतापुर, हिस्ट्रीशीटर संख्या 12A।


कोई टिप्पणी नहीं